सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला: वनाधिकार पट्टों की रजिस्ट्री अब सरकार कराएगी, 363 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब वनाधिकार पट्टों की रजिस्ट्री कराई जाएगी और इसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। इस अवसर पर उन्होंने 363 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया और क्षेत्र के विकास के लिए कई नई योजनाओं की भी घोषणा की।
वनवासियों को बड़ी सौगात: पट्टों की रजिस्ट्री का खर्च सरकार देगी, सीएम मोहन यादव ने 363 करोड़ के विकास कार्य किए समर्पित
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार 15 मार्च को बुरहानपुर जिले के नेपानगर में आयोजित जनजातीय सम्मेलन में 363 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 127 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं और कहा कि इन योजनाओं से गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश तेजी से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि उन्हें अन्य राज्यों में काम की तलाश में न जाना पड़े।
रविवार को नेपानगर में आयोजित विशाल जनजातीय सम्मेलन में आदिवासियों के हित में बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने एलान किया कि अब प्रदेश में वनाधिकार पट्टों की भी रजिस्ट्री कराई जाएगी और इसमें होने वाला पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। इस कदम से आदिवासियों को सरकारी विभागों में भूमि रिकॉर्ड से जुड़ी परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।
राहुल गांधी पर तीखा प्रहार: 'गंभीर चर्चा के समय विदेश में मौज उड़ाते हैं'
जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, जिसे अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं ने बखूबी निभाया, लेकिन राहुल गांधी अपनी 'नादानियों' से नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा गिरा रहे हैं। डॉ. यादव ने तंज कसते हुए कहा:
जब देश के सामने चुनौतियां होती हैं, तब राहुल गांधी विदेश में मौज उड़ाते हैं। लोकसभा में गंभीर चर्चा के दौरान वे कहीं और होते हैं। कांग्रेसी खुद अपने नेता से परेशान हैं, वे जितना बोलेंगे कांग्रेस का उतना ही बेड़ागर्क होगा।"
प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक ताकत का जिक्र
मुख्यमंत्री ने वैश्विक पटल पर भारत की बढ़ती शक्ति का हवाला देते हुए कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान तिरंगे की ताकत से भारतीय छात्र सुरक्षित स्वदेश लौटे। वर्तमान खाड़ी युद्ध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज संकट के समय भी देश में तेल और गैस की कमी नहीं है। यहाँ तक कि ईरान के रक्षामंत्री भी पीएम मोदी की तारीफ कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को इसमें भी कष्ट है।
सीएम डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दौरान कई सौगातें देते हुए कहा कि नेपानगर के कॉलेज में एग्रीकल्चर विषय पढ़ाया जाएगा। डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार उत्थान बनाया जाएगा। धूलकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा, लोखंडिया से हसीनाबाद मार्क का चौड़ीकरण किया जाएगा, ग्राम दस घाट केर पानी मार्ग ताप्ती नदी पर उच्च स्तरीय पुल बनेगा, असीरगढ़ के किले को पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। वन अधिकार के पट्टों को रजिस्ट्री में बदला जाएगा। इसमें लगने वाली 5 हजार करोड़ की राशि सरकार माफ करेगी। वनाधिकार के पट्टों का सर्वे होगा।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस