आंधी-तूफान से तबाह ‘पंचायत-5’ का सेट: सीहोर में बीच शूटिंग बड़ा नुकसान, काम रोका गया
सीहोर में तेज आंधी और बारिश के कारण वेब सीरीज Panchayat के सीजन 5 की शूटिंग रोकनी पड़ी। तेज हवाओं से सेट, टेंट और जरूरी सामान को नुकसान हुआ, लेकिन समय रहते शूटिंग रोकने से कोई हताहत नहीं हुआ। प्रोडक्शन टीम ने सभी कर्मचारियों को वेतन देने की बात कही है, जबकि अगला शूटिंग शेड्यूल अब मई में होगा।
सीहोर में मौसम का कहर: तेज हवा-बारिश से ‘पंचायत-5’ की शूटिंग ठप, सेट और सामान को भारी नुकसान
सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने वेब सीरीज Panchayat के सीजन 5 की शूटिंग पर ब्रेक लगा दिया। ग्राम महोड़िया में चल रही शूटिंग को तेज आंधी और बारिश के कारण रोकना पड़ा। तेज हवाओं से शूटिंग के लिए तैयार किया गया सेट, टेंट और अन्य जरूरी सामान उड़ गए, जिससे काफी नुकसान हुआ।
लाइन प्रोड्यूसर जीशान जाफरी के अनुसार, सीजन 5 की शूटिंग 16 मार्च से 9 अप्रैल तक प्रस्तावित थी, जिसमें करीब 200 लोग काम कर रहे हैं। शूटिंग दो चरणों में होनी है, जिसका अगला शेड्यूल मई में रखा गया है।
मौसम खराब होते ही एहतियात के तौर पर शूटिंग तुरंत रोक दी गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। प्रोडक्शन टीम ने स्पष्ट किया है कि शूटिंग रुकने के बावजूद सभी कर्मचारियों को उनका वेतन दिया जाएगा।
इधर, मध्य प्रदेश में गुरुवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। भोपाल में बादल छा गए, सागर में बारिश दर्ज की गई, जबकि धार जिले के कुक्षी में ओलावृष्टि हुई। वहीं मऊगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत की खबर सामने आई है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस