स्कूली वाहनों पर एआरटीओ का हंटर: ओवरलोडिंग पर चेतावनी, बच्चों को घर से लाने-छोड़ने के सख्त निर्देश
उरई में सड़क सुरक्षा माह के तहत एआरटीओ ने एसआर स्कूल के वाहनों की जांच की। चालकों को बच्चों को घर से लाने-छोड़ने, ओवरलोडिंग न करने, तेज रफ्तार व रॉन्ग साइड से बचने और सभी दस्तावेज साथ रखने के निर्देश दिए गए। मानक विहीन वाहनों पर कार्रवाई भी की गई
सड़क सुरक्षा माह में उरई के एसआर स्कूल पर बड़ी कार्रवाई, मानक विहीन वाहनों पर प्रवर्तन
उरई। ‘सड़क सुरक्षा माह’ के तहत वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार ने कालपी रोड स्थित एसआर स्कूल में स्कूली वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि छात्र-छात्राओं को घर से रिसीव कर घर तक ही सुरक्षित छोड़ा जाए, क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए।
अधिकारियों ने तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल और बिना पर्याप्त दूरी बनाए वाहन चलाने पर सख्ती दिखाई। साथ ही पंजीयन, फिटनेस, बीमा, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने के निर्देश दिए गए।
राहवीर योजना, हिट एंड रन योजना और कैशलेस ट्रीटमेंट योजना की जानकारी देकर चालकों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण नियमित कराने, फर्स्ट एड बॉक्स की दवाइयों की वैधता जांचने और वाहन में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने की सलाह भी दी गई।
मानक विहीन संचालित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की गई, जिससे स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस