खूबसूरत लड़की आदमी का ध्यान भटका सकती है,कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के विवादित बयान पर मचा बवाल, जबलपुर में भाजपा का प्रदर्शन

मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया कहा, "रेप क्यों होते हैं? खूबसूरत लड़कियां आदमी का ध्यान भटका सकती हैं और रेप हो सकता है।" विधायक बरैया ने यह भी दावा किया कि SC, ST और OBC समुदायों की महिलाएं खूबसूरत नहीं होतीं, फिर भी उनके साथ रेप होता है क्योंकि यह उनके धर्मग्रंथों में लिखा है

खूबसूरत लड़की आदमी का ध्यान भटका सकती है,कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के विवादित बयान पर मचा बवाल, जबलपुर में भाजपा का प्रदर्शन

कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने दलित, आदिवासी और ओबीसी महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये बयान मानवता और सनातन धर्म का अपमान है.

भोपाल: कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के विवादित बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरैया की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। सीएम ने इसे समाज को तोड़ने वाला बयान बताते हुए कांग्रेस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जबलपुर में भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस की 'विकृत और बीमार सोच' करार दिया है। नेता अश्वनी पराजपे ने कहा कि महिलाओं को वस्तु समझना और अपराधों को धर्मग्रंथों की आड़ में पेश करना संविधान और मानवता का अपमान है।

सीएम मोहन यादव ने बयान की कड़ी निंदा की

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया की बदजुबानी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के बयानों के जरिए समाज में जहर घोलने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसे बयान न सिर्फ निंदनीय हैं, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने वाले हैं।

कांग्रेस से की सख्त कार्रवाई की मांग

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व से फूल सिंह बरैया को तत्काल सस्पेंड करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए विधायक को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए। सीएम ने सवाल उठाया कि कांग्रेस ऐसे लोगों को संरक्षण क्यों दे रही है, जो समाज को बांटने वाली भाषा का इस्तेमाल करते हैं।

राजनीतिक बयानबाजी तेज

सीएम मोहन यादव के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति और गरमा गई है। एक ओर जहां भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस विधायक के बयान को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। मामला अब राजनीतिक के साथ-साथ सामाजिक मुद्दा भी बनता जा रहा है।

क्या कहा विधायक ने?

रिपोर्ट्स के अनुसार, फूल सिंह बरैया ने महिला घृणा की भावना की उल्टी मीडिया के सामने कर दी। महिलाओं की सुरक्षा और रेप जैसे संवेदनशील मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि अगर कोई खूबसूरत लड़की दिख जाए तो आदमी का दिमाग विचलित हो सकता है और रेप जैसी घटना हो सकती है। उनका कहना था कि खूबसूरती देखकर दिमाग भटक जाता है, जिससे ऐसी वारदातें हो जाती हैं। इसके अलावा, उन्होंने एससी-एसटी समाज की महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि कुछ धर्मग्रंथों में लिखा है कि अगर तीर्थ यात्रा न कर पाए तो दलित या आदिवासी महिला या बच्ची के साथ रेप करने से तीर्थ का फल मिलता है। यह बातें एक वीडियो में कैद हुईं, जो वायरल हो गया।

भाजपा का गुस्सा और हमला

इस बयान पर भाजपा ने तुरंत कड़ी प्रतिक्रिया दी। मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष ऊषा अग्रवाल ने इसे जुबानी फिसलन नहीं माना। उन्होंने कहा कि यह एक बीमार, विकृत और आपराधिक सोच का खुला प्रदर्शन है। महिलाओं को उनकी खूबसूरती के तराजू पर तौलना और एससी-एसटी समाज की महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराध को तीर्थ फल जैसी भाषा में पेश करना बेहद खतरनाक है। आशीष अग्रवाल ने कहा कि यह सोच स्त्री विरोधी और दलित विरोधी है।

भाजपा ने कांग्रेस पर सवाल उठाया कि क्या यही पार्टी की असली सोच है? खासकर तब जब राहुल गांधी मध्य प्रदेश दौरे पर आने वाले हैं। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से भी जवाब मांगा। भाजपा का कहना है कि अब चुप्पी नहीं चलेगी। या तो विधायक से सार्वजनिक माफी मंगवाई जाए और उन्हें पार्टी से निकाला जाए, या फिर कांग्रेस यह मान ले कि वह ऐसी सोच के साथ खड़ी है।

महिलाओं के सम्मान पर जोर

भाजपा नेताओं ने बार-बार दोहराया कि नारी देवी है, किसी प्रयोग की वस्तु नहीं। महिलाओं का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह मुद्दा सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सोच से जुड़ा है। अभी तक कांग्रेस की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। न ही फूल सिंह बरैया ने माफी मांगी है या बयान वापस लिया है। पूरा मामला भोपाल से शुरू होकर दिल्ली तक पहुंच गया है और राजनीतिक बहस तेज हो गई है।