स्कूल चलो अभियान से शिक्षा बने जनआंदोलन, हर बच्चे तक पहुंचे ज्ञान का अधिकार- जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिलाया शत-प्रतिशत नामांकन व निपुणता का संकल्प
उरई में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षा को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों को निपुण बनाने का लक्ष्य तय किया। नवप्रवेशी बच्चों को मुफ्त किताबें वितरित की गईं और 269 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
6 से 14 वर्ष के हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने के दिए निर्देश
उरई । स्कूल चलो अभियान शुरुवात मुख्यमंत्री द्वारा की गई। जनपद जालौन में विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा किए गए थर्ड पार्टी असेसमेंट में निपुण घोषित जनपद के 269 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान हेतु सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने निष्ठा व समर्पण के साथ पठन-पाठन कर विद्यालयों को निपुण बनाने वाले शिक्षकों की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक चेतना का अभियान है, जिसमें प्रत्येक जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं अभिभावक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से ही विद्यालयों में गुणवत्ता आई है और निपुण भारत का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।
माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली कुंजी है। स्कूल चलो अभियान के माध्यम से जनपद का प्रत्येक बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ेगा और भविष्य में आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने शिक्षकों व शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना की।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जनपद में अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे सभी बच्चों को चिन्हित कर विद्यालय से जोड़ा जाए जो अभी तक नामांकित नहीं हैं। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर प्रत्येक छात्र को निपुण बनाने का लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समृद्ध समाज की आधारशिला है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि ‘हर बच्चा स्कूल, हर बच्चा निपुण’ के लक्ष्य को जनपद में पूर्ण रूप से साकार किया जाएगा।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस