पीएम मोदी की मिमिक्री पर सरकारी शिक्षक सस्पेंड, कांग्रेस का BJP पर हमला—क्या सवाल पूछना भी अब गुनाह?

पीएम मोदी की मिमिक्री करना एक टीचर को बहुत महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद टीचर को निलंबित कर दिया गया।

पीएम मोदी की मिमिक्री पर सरकारी शिक्षक सस्पेंड, कांग्रेस का BJP पर हमला—क्या सवाल पूछना भी अब गुनाह?

कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि अब लोकतंत्र में सवाल पूछना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी अपराध बन गया है।

शिवपुरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने के आरोप में एक शिक्षक के निलंबन का मामला अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। इस कार्रवाई पर प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल उठाते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताया है।

नेता प्रतिपक्ष बोले- क्या सवाल पूछना गुनाह

उमंग सिंघार ने बयान जारी कर कहा कि शिवपुरी में प्रधानमंत्री की मिमिक्री के आरोप में शिक्षक को निलंबित करना चिंताजनक है। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब लोकतंत्र में सवाल पूछना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी अपराध बन गया है। सिंघार ने कहा कि जब जनता महंगाई से परेशान है, तब समस्याओं का समाधान करने के बजाय शिक्षक को निलंबित करना सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

गैस सिलेंडर के दाम पर बनाया था वीडियो

पूरा मामला शिवपुरी जिले के पोहरी विकासखंड का है। शासकीय प्राथमिक विद्यालय, आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी (संकुल केंद्र बैराड़) में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक साकेत पुरोहित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करते हुए एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो में बढ़ती गैस सिलेंडर कीमतों को लेकर कटाक्ष किया गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।

भाजपा विधायक की शिकायत के बाद कार्रवाई

मामले में पिछोर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच कराई।

प्राथमिक जांच में शिक्षक का कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विपरीत पाया गया, जिसके बाद 13 मार्च शुक्रवार को साकेत पुरोहित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बदरवास तय किया गया है।

शिक्षक बोले- एकतरफा कार्रवाई की

वहीं शिक्षक साकेत पुरोहित का कहना है कि उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई है। उनका आरोप है कि इस मामले में उन्हें न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही उनका पक्ष सुना गया।

इधर भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री के बारे में गलत टिप्पणी की गई है तो भाजपा कार्यकर्ता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की मानसिकता सुधारने का काम किया जाएगा।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

कार्रवाई भाजपा के एक विधायक की शिकायत के बाद की गई। इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि अब लोकतंत्र में सवाल पूछना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी अपराध बन गया है। जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि पोहरी विकासखंड के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक साकेत पुरोहित ने हाल में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला था।

अधिकारी ने बताया कि कथित वीडियो में उन्होंने प्रधानमंत्री की शैली की मिमिक्री करते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की थी। वीडियो में शिक्षक यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि गैस के दाम बढ़ने से लोग फिर से चूल्हे की रोटी खाने लगेंगे जिससे अमीर और गरीब के बीच की दूरी कम हो जाएगी। शिक्षक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फ़ैल गया, जिसके बाद पिछोर क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।