CM मोहन यादव का तंज,बिहार में कांग्रेस की जोरदार झाडू़ लग गई, अंग्रेज चले गए, मगर कांग्रेस छोड़ गए

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आलीराजपुर में गौरव दिवस समारोह में कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों को लूटा और उनके नायकों को भुला दिया। बिहार चुनाव में कांग्रेस की हार का जिक्र करते हुए, उन्होंने विकास कार्यों का लोकार्पण किया और आदिवासी नायकों की प्रतिमाओं का अनावरण किया। सीएम ने योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए।

CM मोहन यादव का तंज,बिहार में कांग्रेस की जोरदार झाडू़ लग गई, अंग्रेज चले गए, मगर कांग्रेस छोड़ गए

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा- बिहार में फिर बहार है.. फिर एनडीए की सरकार है. यह हमारे गृहमंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति का परिणाम.

इंदौर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती गौरव दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह शनिवार को आलीराजपुर में हुआ। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। सीएम ने यहां कालेज मैदान पर सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए, वहीं आदिवासी नायकों के बलिदान, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत की खुलकर सराहना की। सीएम ने अपने संबोधन की शुरुआत ही कांग्रेस पर कटाक्ष से की। उन्होंने कहा कि अंग्रेज चले गए, कांग्रेस छोड़ गए। कांग्रेस ने आदिवासी अंचल को लूटने-खसोटने के लिए छोड़ दिया। वोट तो लिए, लेकिन हमारे गौरवशाली इतिहास को सामने लाने की कभी जरूरत नहीं समझी।

उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा, शहीद छितु किराड़ और अन्य जननायकों के योगदान को कांग्रेस ने हमेशा नज़रअंदाज़ किया। बिहार चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कल ही बिहार में कांग्रेस की जोरदार झाड़ू लग गई। विकास क्या होता है, यह बिहार की जनता ने बता दिया। पप्पू की टप्पू-चप्पू सब बंद होने वाली है।

मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा जनता से किए वादे पूरे करती है। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद लाड़ली बहनों के खातों में 1500 रुपये देने का वादा हमने पूरा किया। भावांतर योजना का ज़िक्र करते हुए कहा, कांग्रेस कहती थी पैसा कहां से लाओगे, लेकिन हमने करके दिखाया।

ताड़ी के पेड़ और प्राकृतिक सौंदर्य का किया ज़िक्र

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने आलीराजपुर के प्राकृतिक सौंदर्य और जनजातीय संस्कृति की भी जमकर तारीफ़ की। उन्होंने कहा आलीराजपुर की हरियाली, ताड़ी के पेड़ का स्वाद और यहां का आनंद कुछ अलग ही है। जो इसका मज़ा ले चुका है, वही बता सकता है। आपकी प्रकृति और परंपराएं इतनी खूबसूरत हैं कि स्वर्ग भी फीका लगने लगता है। सीएम ने कहा ढोल-मांदल और नगाड़ों की गूंज से मिलने वाला आनंद अद्वितीय है।

अंग्रेज चले गए कांग्रेस छोड़ गए

आलीराजपुर में आयोजित कार्यक्रम में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद आदिवासी नेतृत्व पर पहले अंग्रेजों ने दमन किया। अंग्रेज चले गए, कांग्रेस छोड़ गए. कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों को वोट बैंक समझा, आदिवासी अंचल को लूटा। हम आदिवासी नायकों का जन्मदिन मनाते हैं, तो कांग्रेस को तकलीफ होती है। आदिवासी, गरीब, महिला, युवा और किसानों को जोड़कर पीएम मोदी ने सरकार बनाई। उन्होंने आगे कहा कि बिहार को कितना बदनाम किया. कल (14 नवंबर) बिहार में धूमधाम से कांग्रेस की झाड़ू लगी। विकास क्या होता है ये बिहार ने बता दिया। ये राजकुमार को घर भेजना पड़ेगा. कांग्रेस कहती है कि चुनाव तक बहनों को पैसे देंगे लेकिन हम हर महीने बहनों को पैसे दे रहे हैं। कांग्रेसी देख लें, हमारी सरकार जो कहती है वो करके दिखाती है।कांग्रेसी रोते रहेंगे, हम देते रहेंगे।

244 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

सीएम मोहन यादव ने आलीराजपुर में कुल 244.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें 194.78 करोड़ रुपये के 104 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 49.73 करोड़ रुपये की लागत के 51 नए कार्यों का भूमि पूजन शामिल है। ग्राम बड़ागुड़ा के 33/11 केवी विद्युत केंद्र का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कट्ठीवाड़ा में 10 बिस्तरों वाले आयुष विद्यालय का भूमिपूजन भी किया।