प्रेमी के लिए रची खौफनाक साजिश-पति को बॉयफ्रेंड ने मारी गोली: 3 साल की बच्ची के सामने तड़पता रहा पिता, जीजा के भाई को मैसेज कर बुलाया गया

भिंड में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची, जिसे पहले लूटपाट का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई. मामले में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार हैं, जबकि एक आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

प्रेमी के लिए रची खौफनाक साजिश-पति को बॉयफ्रेंड ने मारी गोली: 3 साल की बच्ची के सामने तड़पता रहा पिता, जीजा के भाई को मैसेज कर बुलाया गया

भिंड में एक पत्नी ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए एक ऐसी चाल चली, जिसने सभी को हैरान कर दिया. पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची. इसके बाद प्रेमी ने पति को गोली मार दी. लेकिन पत्नी ने घटना को लूट की वारदात बताया था और पति की अंत्येष्ठि भी करवा दी. इसके बाद पुलिस की जांच में हत्याकांड का खुलासा हुआ है.

मध्य प्रदेश में इंदौर के राजा रघुवंशी के केस के बाद ऐसे कई मामले में सामने आए हैं, जिनमें पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी. अब इस कड़ी में भिंड में भी सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है. जहां एक पति नीलेश जाटव अपनी तीन साल की बेटी और पत्नी के साथ ससुराल से गांव जा रहा था, तब कुछ अज्ञात हमलावरों ने आकर नीलेश को गोली मार दी. फिर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया. अब कहानी में एक नया मोड़ आया है, जहां पता चला है कि पति को मरवाने में पत्नी का पूरा हाथ है और इसमें उसका साथ प्रेमी ने दिया है.

भिंड पुलिस अधीक्षक डीआईजी अशित यादव ने कंट्रोल रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इस हत्या का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि घटना के बाद जांच टीम को कई बातें संदिग्ध लग रही थीं. आखिर लुटेरों ने सिर्फ निलेश को ही निशाना क्यों बनाया? जब पुलिस ने पत्नी रूबी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली और उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो रिश्तों का काला सच सामने आ गया.

कट्टा-मोबाइल किए बरामद 

पुलिस अधीक्षक अशित यादव ने बताया कि हत्या की इस वारदात को निलेश की पत्नी रूबी, उसके प्रेमी विशाल और उसके दोस्त ने मिलकर अंजाम दिया था. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा और मोबाइल बरामद कर लिया है और पत्नी व प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि प्रेमी का दोस्त अभी पुलिस की पहुंच से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं. साजिश का कोड भी तय था. ‘जैसे ही सुनसान रास्ता आए, तुम बैग गिरा देना, मैं समझ जाऊंगा कि अब वार करना है.'

निलेश जाटव अपनी पत्नी रूबी और अपनी नन्ही बेटी को बाइक पर बिठाकर ससुराल भिंड के जमना गांव से अपने घर अटेर के खरीका गांव लौट रहा था. ठंडी हवाएं चल रही थीं, लेकिन उसे नहीं पता था कि उसके पीछे चल रही बाइक पर ‘मौत’ सवार है. रमटा की पुलिया के पास अचानक रूबी का बैग नीचे गिरता है, निलेश बाइक रोकता है और यही उसकी जिंदगी की आखिरी भूल साबित होती है. दो नकाबपोश, एक देसी कट्टा और एक जोरदार धमाका. निलेश लहूलुहान होकर गिर पड़ता है और कहानी लूटपाट की रची जाती है.

पुलिस के सामने महिला ने उगला सच

डीआईजी असित यादव ने मामले का किया खुलासा किया है और उन्होंने बताया है कि घटना में जो हथियार इस्तेमाल हुआ था. उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने अलग-अलग तरीके से पूछताछ की, तो पत्नी ने सच उगल दिया. पत्नी ने वारदात को लूट का रूप देने की योजना बनाई थी. पुलिस जांच में साजिश की पूरी कहानी सामने आई है. गोली मारे जाने से पहले ही पत्नी ने कुछ देर पहले प्रेमी से बात की थी. उससे उसका राज खुल गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है. जिस बाइक पर बैठकर प्रेमी आया था, उसे उसका साथी राजेश कुशवाहा चला रहा था. राजेश अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा है, लेकिन पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.

प्रेमी विशाल को किया गिरफ्तार

आरोपी पत्नी रूबी के बयानों के आधार पर उसके प्रेमी विशाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दोस्त अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है. इश्क में अंधी पत्नी ने अपना सुहाग तो उजाड़ा ही, साथ ही अपनी मासूम बेटी के सिर से पिता का साया भी छीन लिया. आज वह सलाखों के पीछे है और उसका प्रेमी भी. पुलिस का कहना है कि कानून के हाथ लंबे होते हैं और अपराधी कभी भी कानून के फंदे से बच नहीं सकता. इस हत्याकांड में भी यही हुआ. रूबी ने प्रेमी को पाने के लिए पति को रास्ते से हटा दिया, लेकिन अब उसकी पूरी जिंदगी जेल की चारदीवारी में कटेगी. सबसे बड़ा सवाल उस मासूम बच्ची का है, जिसने अपनी आंखों के सामने अपने पिता का कत्ल होते देखा.