भोपाल में रिटायर्ड जज के घर से 4 LPG सिलेंडर चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

भोपाल के लालघाटी इलाके में रिटायर्ड जज के घर से 15 मार्च की रात 4 खाली LPG सिलेंडर चोरी हो गए। घटना CCTV में कैद हुई, जिसमें 3 युवक बाइक से आकर वारदात को अंजाम देते दिखे। सिलेंडरों की कीमत करीब 6 हजार रुपए बताई गई है।

भोपाल में रिटायर्ड जज के घर से 4 LPG सिलेंडर चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

भोपाल: लालघाटी में रिटायर्ड जज के घर से गैस सिलेंडर चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात।

भोपाल में गैस सिलेंडर चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लालघाटी इलाके के ओम शिव नगर में रिटायर्ड जज के घर से चार एलपीजी सिलेंडर चोरी कर लिए गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तीन युवक बाइक पर सिलेंडर ले जाते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 15 मार्च की रात करीब 12:30 बजे की है। फरियादी रॉबिन जैन ने कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनके पिता स्वर्गीय विमल कुमार जैन पूर्व न्यायाधीश थे। घर की पार्किंग में चार खाली गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिन्हें चोर देर रात उठा ले गए।

सीसीटीवी फुटेज में दिखता है कि पहले तीन युवक बाइक से घर के बाहर आते हैं और रेकी करते हैं। कुछ देर बाद दो युवक वापस लौटते हैं और पार्किंग से एक-एक कर चारों सिलेंडर उठाकर बाइक पर रख लेते हैं, फिर मौके से फरार हो जाते हैं।

चोरी हुए सिलेंडरों में एक भारत गैस और तीन इंडेन के बताए जा रहे हैं। सभी सिलेंडर खाली थे, जिनकी कुल कीमत करीब 6 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, कटनी में भी एक हफ्ते के भीतर चार सरकारी स्कूलों से 11 सिलेंडर चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे पुलिस की चिंता बढ़ गई है।