थाने से चंद कदम दूर मंडीदीप में तलवारें चलीं, युवक पर लाठी-डंडों से हमला; बाजार में दहशत
मंडीदीप के मुख्य बाजार में थाने से चंद कदम की दूरी पर युवक पर तलवार, लाठी और डंडों से हमला कर दिया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अंकित कुशवाह
मंडीदीप मुख्य बाजार में तलवार-लाठी से हमला, युवक गंभीर घायल; थाने से चंद कदम दूर वारदात
मंडीदीप। मुख्य बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार को मारपीट की गंभीर घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों के साथ तलवारें भी चल गईं। हमले में अजय नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि सुरेश यादव सहित महिलाओं और आधा दर्जन से अधिक युवकों ने मिलकर अजय पर तलवार, लाठी और डंडों से हमला कर दिया। घटना मुख्य बाजार के मंगल बाजार क्षेत्र में हुई, जहां अचानक हुई मारपीट से अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना के वीडियो बना लिए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। खुलेआम तलवार और लाठी-डंडों के इस्तेमाल से व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल बन गया है।
गौरतलब है कि होली पर्व को लेकर पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने का दावा किया गया था। संवेदनशील इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ाने की बात कही गई थी, लेकिन थाने से चंद कदमों की दूरी पर इस तरह की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना यह होगा कि आरोपियों के खिलाफ क्या सख्त कार्रवाई की जाती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस