इंदौर में रिश्तों का खौफनाक अंत: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, 70 हजार में दी सुपारी, सिर में सटाकर मारी गोली
इंदौर में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी। मृतक नवीन पाटीदार को 12 अप्रैल की शाम सिर के पीछे सटाकर गोली मारी गई, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस वारदात में कुल 5 लोग शामिल थे।
इंदौर में पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, 70 हजार की सुपारी देकर पति की हत्या
इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी। इस वारदात में कुल 5 लोग शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नवीन पाटीदार के रूप में हुई है। 12 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे वह घर से बाहर शराब पीने के लिए निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे निशाना बनाया। जैसे ही नवीन मौके पर पहुंचा, आरोपी श्रीराम ने उसके सिर के पीछे सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि गोली उसकी गर्दन में धंस गई थी।
जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात के पीछे मृतक की पत्नी भारती पाटीदार और उसका प्रेमी राहुल उईके थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और उन्होंने मिलकर नवीन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए करीब 70 हजार रुपए में सुपारी दी गई थी। हत्या के लिए देशी पिस्टल का इस्तेमाल किया गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि साजिश को अंजाम देने के लिए देवास निवासी मुकेश कुमावत को जोड़ा गया, जिसने अपने साथियों श्रीराम और अजय को शामिल किया। आरोपियों ने पहले कई दिनों तक नवीन की रेकी की और फिर सही मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
मामले की पड़ताल में एक पुराना विवाद भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में नवीन और राहुल उईके एक अन्य हत्या के मामले में साथ जुड़े थे। बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया और नवीन ने मुखबिर बनकर राहुल को पुलिस के हवाले कर दिया था। इसी के बाद दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई। इसी दौरान राहुल और भारती के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जो बाद में अवैध संबंध में बदल गईं।
इस पूरे घटनाक्रम ने हत्या की साजिश को जन्म दिया, जिसमें पत्नी और प्रेमी ने मिलकर नवीन की हत्या का प्लान बनाया और उसे अंजाम तक पहुंचाया।
डीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने भारती पाटीदार, मुकेश कुमावत, श्रीराम और अजय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी राहुल उईके अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस