पिता की हत्या के बाद बेटे ने खाई बिरयानी, कंबल ओढ़कर सोया; बोला— ‘बाय मिस्टेक’ हो गया मर्डर
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक रूह कंपा देने वाली वादात सामने आई है, जहां 25 साल के बेटे ने कुल्हाड़ी से काटकर पिता की हत्या कर दी। 50 साल के पारस केरकेट्टा की गलती सिर्फ इतनी थी कि वह उसे शराब की लत के लिए टोक रहे थे।
खौफनाक वारदात: पिता का कत्ल कर बेटे ने खाई बिरयानी, सुबह बोला— गलती से हो गई हत्या
शराब विवाद बना मौत की वजह: बेटे ने पिता को मारकर टंकी में डाली लाश, फिर आराम से सो गया
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब पीने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के पास बनी पानी की टंकी में डाल दिया। इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद वह बाहर जाकर बिरयानी खाकर घर लौटा और कंबल ओढ़कर सो गया। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
शराब पीने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बहेरापारा निवासी पारस केरकेट्टा (50) अपने अलग मकान में रहते थे। उनके घर के पास ही किराए के मकान में उनका छोटा बेटा प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (25) रहता था।
सोमवार (2 मार्च) की रात प्रभात शराब के नशे में अपने पिता के घर पहुंचा। पिता ने उसे शराब पीने को लेकर डांटा और नाराजगी जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गुस्से में उठाई कुल्हाड़ी, सिर पर किए कई वार
विवाद बढ़ने पर प्रभात का गुस्सा बेकाबू हो गया। उसने घर में रखी टांगी (कुल्हाड़ी) उठा ली और पिता के सिर पर कई बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पारस केरकेट्टा की मौके पर ही मौत हो गई।
शव टंकी में डाला, फिर बिरयानी खाकर सो गया
हत्या के बाद आरोपी ने पिता के शव को घर के बगल में बनी छोटी पानी की टंकी में डाल दिया, ताकि किसी को घटना का पता न चल सके। इसके बाद वह पास की दुकान पर गया, वहां बिरयानी खाई और फिर घर लौटकर कंबल ओढ़कर आराम से सो गया।
पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने पिता-पुत्र के बीच विवाद होते देखा था। पारस केरकेट्टा के घर से कोई हलचल नहीं होने पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रभात केरकेट्टा को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने टंकी से निकलवाया शव
मंगलवार (3 मार्च) सुबह थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पानी की टंकी से शव को बाहर निकलवाया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं।
आरोपी बोला- गुस्से में बाय मिस्टेक हो गया
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब पीने को लेकर पिता से विवाद हुआ था। गुस्से में उसने हमला कर दिया और घटना बाय मिस्टेक हो गई। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस