“मेरी बेटी को सुरक्षित वापस लाओ”: मोनालिसा के पिता की CM मोहन यादव से गुहार, फूट-फूट कर रोए जय सिंह भोसले
केरल से मध्य प्रदेश के महेश्वर में अपने घर पहुंचे मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले, बोले- मैं मुख्यमंत्री मोहन यादव से निवेदन करता हूं कि मेरी बेटी को सुरक्षित वापस दिलाया जाए।
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने कहा कि मेरी बेटी 'लव जिहाद' का शिकार हो गई है. मुस्लिम युवक फरमान खान ने धोखे से फंसाया है.
पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान प्रसिद्धि हासिल करने वाली युवती मोनालिसा भोंसले के पिता ने केरल में एक मुस्लिम व्यक्ति से शादी करने के बाद अपनी बेटी की सुरक्षित घर वापसी के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से गुहार लगाई है. खानाबदोश पारधी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली और महेश्वर शहर की रहने वाली मोनालिसा भोंसले (18) ने बुधवार को केरल के एक मंदिर में फरमान खान नामक व्यक्ति के साथ केरल के कुछ मंत्रियों की मौजूदगी में शादी कर ली.
फरमान खान ने मेरी बेटी मोनालिसा को धोखे से फंसाया'
केरल से लौटने के बाद यहां पत्रकारों से बात करते हुए मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले ने कहा कि मोनालिसा 'लव जिहाद' का शिकार हो गई है. जयसिंह भोंसले ने कहा, ''मेरी बेटी ने पूरे देश में नाम कमाया है. मैं मुख्यमंत्री मोहन यादव से अनुरोध करता हूं कि मोनालिसा को सुरक्षित मध्यप्रदेश वापस लाया जाए. उसे एक मुस्लिम युवक फरमान खान ने धोखे से फंसाया है. यह लव जिहाद का मामला है.''
मुझे नहीं पता था कि ऐसा कुछ होगा- मोनालिसा के पिता
मोनालिसा के पिता ने कहा कि उन्हें पता था कि उनकी बेटी फिल्मों में अभिनय कर रही है और इस पेशे में अपना नाम कमाना चाहती है. उन्होंने कहा, ''मुझे बताया गया कि मेरी बेटी दो फिल्मों में अभिनय कर रही है. खुद कहा था कि कुछ लोग उन्हें अभिनय और नृत्य सिखा रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे उसे प्रशिक्षित करेंगे ताकि वह भविष्य में फिल्मों में काम कर सके. मुझे नहीं पता था कि ऐसा कुछ होगा.''
मोनालिसा को घर लौटने के लिए मनाएंगे- हिंदू जागरण मंच
इस बीच, हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी समीर माहुले और भूपेंद्र चौहान ने कहा कि मोनालिसा को घर लौटने के लिए मनाने की कोशिश की जाएगी. मोनालिसा ने केरल के तिरुवनंतपुरम में गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा था कि एक मुस्लिम व्यक्ति के साथ उसकी शादी पसंद और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है.
मोनालिसा ने 'लव जिहाद' के आरोपों को किया खारिज
मोनालिसा ने इस संबंध को लव जिहाद का नाम देने पर आपत्ति जताते हुए इन आरोपों को खारिज कर दिया था. चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी मोनालिसा ने कहा कि उसके माता-पिता चाहते थे कि वह अपनी चाची के बेटे से शादी करे, लेकिन उसने इसका विरोध किया. उसने कहा कि पिता उससे नाराज थे.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस