CM मोहन यादव का ऐलान-सिंहस्थ 2028 की डेडलाइन फाइनल :दीपावली तक पूरे होंगे सभी काम
सिंहस्थ‑2028 की तैयारी तेज. CM मोहन यादव ने तय की डेडलाइन, 2027 दीपावली तक सभी काम पूरे करने के निर्देश, 2923 करोड़ मंजूर
सिंहस्थ-2028 को लेकर सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय समिति की पांचवीं बैठक हुई है। सीएम मोहन यादव ने कहा है कि 2027 की दीपावली तक सारे काम पूरे कर लें।
CM Mohan Yadav: उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ आयोजन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही है. सीएम मोहन यादव ने सिंहस्थ आयोजन के तहत हो रहे निर्माण कार्यों के लिए बनी सिंहस्थ मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक मंगलवार को की थी. जिसमें उन्होंने सिंहस्थ से जुड़े निर्माण कार्यों की समय सीमा तय कर दी है. मुख्यमंत्री का कहना है कि सभी काम सिंहस्थ आयोजन से पहले 2027 की दीपावली से पहले पूरे करा लिए जाए. ताकि 2028 में होने वाले आयोजन में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा अधिकारियों और कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने का निर्देश भी दिया गया है.
सिंहस्थ महाकुंभ पर सरकार का फोकस
सिंहस्थ महाकुंभ 2028 पर सरकार का फोकस बना हुआ है. सीएम मोहन यादव ने कहा कि भीड़ मैनेजमेंट समेत दूसरी व्यवस्थाओं को लेकर सभी तरह के प्रशिक्षण देने का काम अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से करा लिया जाए. सीएम का कहना है कि सिंहस्थ के आयोजन के लिए सभी तरह के प्रबंधन सफल होने चाहिए. विकास कार्यों की समीक्षा और निगरानी भी पूरी होनी चाहिए. सिंहस्थ से संबंधित सभी कामों और दायित्वों का सघन प्रशिक्षण की व्यवस्था भी शुरू करवानी है. इसलिए सभी काम समय सीमा में पूरे किए जाने हैं और इनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान रखा जाना है. इसलिए 2027 से पहले सभी तरह के काम पूरे होने चाहिए.
उज्जैन में चल रहे निर्माण कार्य
बता दें कि उज्जैन में सिंहस्थ को लेकर निर्माण कार्य लगातार चल रहे हैं. मंत्रिमंडलीय समिति के साथ बैठक में सीएम मोहन यादव ने यह भी पूछा कि काम में कहा दिक्कत आ रही है. उसकी भी जानकारी ली जाए. मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को भी निर्देश दिए हैं कि वह भी समय-समय पर लगातार कार्यों का निरीक्षण करते रहे और कार्यों को लेकर तेजी से काम करवाने के निर्देश दिए हैं.
उज्जैन एयरपोर्ट के लिए राशि मंजूर
वहीं मोहन कैबिनेट ने उज्जैन को एक बड़ी सौगात दी है. मंगलवार को उज्जैन एयरपोर्ट के लिए मोहन कैबिनेट ने 590 करोड़ रुपए की राशि मंजूर कर दी है. इस पैसे से उज्जैन एयरपोर्ट के लिए भूमि अर्जन की कार्रवाई में अब तेजी आने की उम्मीद की जा रही है. सिंहस्थ आयोजन को लेकर उज्जैन में एयरपोर्ट का काम भी तेजी से किया जा रहा है. सीएम मोहन यादव के साथ बैठक में दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत के साथ कई सीनियर अधिकारी मौजूद थे.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस