आलेख्य मतदाता सूची का जनपद भर में वाचन, डीएम ने किया बूथों का निरीक्षण,पात्र मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें, 06 फरवरी तक दर्ज कराएं दावा–आपत्ति
उरई जनपद में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सभी मतदान बूथों पर बीएलओ द्वारा आलेख्य मतदाता सूची का वाचन किया जा रहा है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्था की समीक्षा की।
बीएलओ ने बूथों पर किया मतदाता सूची का वाचन, 06 फरवरी तक दावे–आपत्तियां दर्ज कराने की अपील
उरई । मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा आलेख्य मतदाता सूची का वाचन किया जा रहा है। प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं की सुविधा हेतु फॉर्म-6, 7 एवं 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जीजीआईसी, जीआईसी, टाउन हॉल, जेएमएस किड्स केयर स्कूल, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय पटेल नगर सहित विभिन्न मतदान बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यवाही की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की ड्राफ्ट मतदाता सूची को विधिवत पढ़कर सुनाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज जनपद के सभी बूथों पर मतदाता सूची के पाठन का कार्य किया जा रहा है, जिससे मतदाता अपने नाम, विवरण एवं प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकें। उन्होंने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की कि वे अनिवार्य रूप से अपना नाम आलेख्य मतदाता सूची में जांच लें। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वे फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने, फॉर्म-7 से नाम हटाने तथा फॉर्म-8 से संशोधन हेतु आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन ऑफलाइन संबंधित बीएलओ के पास अथवा ऑनलाइन voters.eci.gov.in एवं ceouttarpradesh.nic.in के माध्यम से किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 06 फरवरी, 2026 निर्धारित है। उन्होंने सभी नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करते हुए समय रहते आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस