प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति बदहाल, शिक्षक मतदाता सूची सुधार में व्यस्त : संगीता शर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता बोली, सरकार राजनीति में व्यस्त, बच्चे टीन शेड के नीचे पढ़ने को मजबूर
कांग्रेस प्रवक्ता सुश्री संगीता शर्मा ने मध्यप्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर मुख्यमंत्री मोहन यादव सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा ठप है जबकि शिक्षक पढ़ाई छोड़कर मतदाता सूची सुधार जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में व्यस्त हैं। उन्होंने भोपाल के बर्रई स्थित सांदीपनि विद्यालय का उदाहरण देते हुए बताया कि बच्चे आज भी टीन शेड के नीचे पढ़ाई कर रहे हैं। शर्मा ने सरकार पर आरोप लगाया
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना — कहा, शिक्षक पढ़ाई छोड़कर गैर-शैक्षणिक कार्यों में व्यस्त, बच्चे टीन शेड के नीचे पढ़ने को मजबूर
भोपाल।प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है। राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुश्री संगीता शर्मा ने कहा है कि, मध्यप्रदेश में शिक्षा ठप है और राजनीति चरम पर। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षकों से पढ़ाई के बजाय गैर-शैक्षणिक कार्य करवा रही है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और स्कूल आधे दिन ही चल पा रहे हैं।
सुश्री शर्मा ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा —क्या यही है डबल इंजन सरकार का शिक्षा मॉडल है ? बच्चों की पढ़ाई जरूरी नहीं, पर बिहार चुनाव प्रचार जरूरी है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार प्रदेश में सर्वसुविधायुक्त स्कूलों के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि भोपाल के बर्रई स्थित सांदीपनि विद्यालय में बच्चे आज भी टीन शेड के नीचे पढ़ाई और परीक्षा देने को मजबूर हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि 22 साल की भाजपा सरकार ने बच्चों को पक्की इमारत नहीं दी, बस जुमले और तारीख़ पर तारीख दी हैं। विकास कागज पर है, शिक्षा जमीन पर नहीं।
संगीता शर्मा ने कहा कि सरकार अगर सचमुच शिक्षा सुधार को लेकर गंभीर है तो सबसे पहले शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करे और सभी सरकारी स्कूलों में आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करे।
कांग्रेस प्रवक्ता के इस बयान के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर फिर से सवाल उठ खड़े हो गए हैं।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस