मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य स्वागत, 32 हज़ार बहनों ने बाँधी राखी : नरेला रक्षाबंधन महोत्सव बना विश्व का सबसे बड़ा उत्सव
नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के छठवें दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहनों से राखी बंधवाई। उन्होंने घोषणा की कि लाड़ली बहनों को भाईदूज से हर माह ₹1500 की राशि दी जाएगी। भारी बारिश के बीच 32,289 बहनों ने मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और मुख्यमंत्री को राखी बाँधी। मंत्री सारंग ने बहनों को लव जिहाद और नशे के खिलाफ संघर्ष की शपथ दिलाई। 2009 से शुरू हुआ यह महोत्सव अब विश्व का सबसे बड़ा रक्षाबंधन महोत्सव बन चुका है और इस वर्ष इसमें 2 लाख से अधिक बहनों की भागीदारी का अनुमान है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री विश्वास सारंग बने बहनों के “भैया”, रक्षाबंधन महोत्सव में उमड़ा स्नेह
नरेला में ऐतिहासिक रक्षाबंधन महोत्सव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहनों का आशीर्वाद लिया
लाड़ली बहनों को भाईदूज के बाद हर माह 1500 रुपये देंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल, विश्व के सबसे बड़े नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के छठवें दिन मंगलवार को नरेला विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। वार्ड 37 में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए और बहनों से रक्षासूत्र बंधवाए। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने बहनों को लव जिहाद व नशे के खिलाफ लड़ाई की शपथ दिलाई। वार्ड 76 व 37 में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 32 हज़ार 289 बहनों से मंत्री श्री सारंग ने रक्षासूत्र बंधवाए।
लाड़ली बहनों को भाई दूज से मिलेंगे हर माह 1500 रूपये- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेला का यह रक्षाबंधन महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, विश्वास और संस्कारों का प्रतीक है। प्रदेश सरकार निरंतर बहनों के लिए रोजगार, स्वरोजगार सहित विभिन्न आयामों पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लाडली बहना योजना के माध्यम से बहनों के सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए सतत कार्य कर रही है। शीघ्र ही जो बहनें योजना से जुड़ने में वंचित रह गई हैं उन्हें भी जोड़ेंगे। दीपावाली के भाईदूज के बाद हर माह 1500 रूपये की राशि लाड़ली बहनों के खाते में आएंगे।
समाज और सरकार मिलकर लव जिहाद के खिलाफ लड़ेंगे- मंत्री सारंग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा नरेला का रक्षाबंधन महोत्सव बहनों के अटूट विश्वास और नरेला परिवार की अनूठी परंपरा है। 2009 से शुरू हुआ यह आयोजन आज विश्व का सबसे बड़ा रक्षाबंधन महोत्सव बन चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में धर्म स्वातंत्र्य कानून लव जिहाद जैसी कुरीतियों पर कठोर प्रहार कर रहा है। यह क़ानून बहनों की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी है।
मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत
वार्ड 37 में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आगमन पर स्थानीय रहवासियों ने भारी बारिश के बीच भव्य स्वागत किया। लगभग से अधिक स्थानों पर विभिन्न समाजों और संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री खुली गाड़ी में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुँचे और पूरे मार्ग में हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।
छठवें दिन 32 हज़ार 289 ने बांधे रक्षासूत्र
महोत्सव के छठवें दिन 32 हज़ार 289 बहनों ने राखी बाँधी। भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में आई बहनों और बच्चों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। बहनों ने कतारबद्ध होकर अपने “भैया विश्वास” को राखी बाँधकर अटूट स्नेह और आशीर्वाद का प्रतीक प्रस्तुत किया।
इस वर्ष रिकॉर्ड टूटने के करीब
पिछले वर्ष नरेला रक्षाबंधन महोत्सव ने रिकॉर्ड कायम करते हुए 1 लाख 82 हज़ार बहनों की भागीदारी दर्ज की थी। इस वर्ष भी अब तक की बहनों की संख्या देखकर विश्वास है कि यह आँकड़ा 2 लाख तक पहुँच जाएगा।
कल होगा समापन
11 अगस्त से प्रारंभ हुआ यह महोत्सव कल अपने अंतिम चरण में पहुँचेगा। समापन दिवस पर वार्ड 41 एवं 59 में भी बहनों की विशाल संख्या में भागीदारी की संभावना है। लगातार 16 वर्षों से आयोजित यह महोत्सव अब केवल एक पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता का अद्वितीय प्रतीक बन चुका है।