बड़ी प्रशासनिक सर्जरी : भोपाल, रीवा और सागर समेत कई जिलों के कलेक्टर बदले, 26 IAS अधिकारियों के तबादले

मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कमान बदलते हुए 26 IAS अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची जारी की है। इस सूची में राजधानी भोपाल समेत धार, रीवा, सागर, सिवनी और बैतूल जैसे महत्वपूर्ण जिलों के कलेक्टरों को बदला गया है।

बड़ी प्रशासनिक सर्जरी : भोपाल, रीवा और सागर समेत कई जिलों के कलेक्टर बदले, 26 IAS अधिकारियों के तबादले

धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को भोपाल जिले की कमान सौंपी गई है

कौशलेन्द्र विक्रम सिंह अब मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में सेवाएं देंगे

रीवा, सागर, बैतूल और सिवनी समेत कई जिलों को मिले नए कलेक्टर

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कमान बदलते हुए 26 IAS अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची जारी की है। इस सूची में राजधानी भोपाल समेत धार, रीवा, सागर, सिवनी और बैतूल जैसे महत्वपूर्ण जिलों के कलेक्टरों को बदला गया है। भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया। साथ ही आयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश भी होंगे।

तबादलों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच गुरुवार को लंबी बैठक हुई। इसके बाद सूची को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने इस अहम बैठक के लिए पूरा दिन अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में रिजर्व रखा था। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने तबादलों को अंतिम रूप देते हुए आदेश जारी कर दिए।

जिन जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, उनमें सागर, धार, रीवा, भोपाल, नर्मदापुरम, सिवनी, शिवपुरी, उमरिया, श्योपुर, मैहर, दमोह, मंडला, झाबुआ और बैतूल जिले शामिल हैं। इसके अलावा लोक शिक्षण आयुक्त और नर्मदापुरम संभाग के संभाग आयुक्त को भी बदल दिया गया है।

दरअसल, चुनाव आयोग द्वारा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में शुरू कराई गई SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया के बाद ही इन तबादलों की तैयारी शुरू हो गई थी। योजना के अनुसार 22 फरवरी के बाद तबादले किए जाने थे, लेकिन त्योहारों और बजट सत्र के चलते यह फैसला लगातार टलता रहा।