राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
उरई में मिशन शक्ति 5.0 के तहत भव्य समारोह आयोजित हुआ, जिसमें राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने ग्राम प्रधान, पुलिस, स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग की उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया गया। विशेष आकर्षण के रूप में महिला अधिकारियों को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की भूमिका भी दी गई।
मिशन शक्ति 5.0 समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मिला सम्मान
उरई । जनपद में नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश लेकर चल रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रांगण में भव्य समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर राज्यमंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उ0प्र0 प्रतिभा शुक्ला ने ग्राम प्रधान, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की महिलाओं एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मंच से नारी शक्ति को सम्मानित करने का यह क्षण उत्साह और गौरव से भरा रहा। राज्यमंत्री ने कहा कि “मिशन शक्ति केवल एक योजना नहीं, बल्कि नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की गारंटी है।” उन्होंने विश्वास जताया कि जनपद की महिलाएं अपने आत्मबल और परिश्रम से समाज में नई पहचान बना रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनुरागी ने कहा कि महिलाओं को अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर सकती हैं। वहीं विधान परिषद सदस्य श्रीमती रमा निरंजन ने मिशन शक्ति को सामाजिक परिवर्तन की धुरी बताते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं की सोच और समाज की दृष्टि—दोनों को बदल रहा है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-05 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, रोजगार, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की संकल्पना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं, उन्हें सम्मानित किया गया। विशेष आकर्षण यह रहा कि प्रतीकात्मक रूप से महिला अधिकारियों को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की भूमिका दी गई, जिनके नेतृत्व में पूरा कार्यक्रम संपन्न हुआ। उन्होंने ने कहा कि प्रतिभाग करने वाली महिलाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान चलाकर जनपद की प्रत्येक पंचायत में टीम भेजी जाएगी, जो महिलाओं को उनके अधिकार, कानून और योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेगी। इस दौरान महिला बीट सिपाहियों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।
उन्होंने अपील की कि महिलाएं और समाज के प्रबुद्धजन आगे आकर “सशक्त समाज व समृद्ध राष्ट्र के निर्माण” में सहयोग करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र देव शर्मा, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, कार्यक्रम अधिकारी शरद अवस्थी सहित बड़ी संख्या में नारी शक्ति मौजूद रही।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस