शशि थरूर ने कांग्रेस को दिखाया आईना,राम राज्य' और 'गांधी' अलग नहीं,MGNREGA का नाम बदलने पर हो रहे विवाद को थरूर ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण
मनरेगा का नाम बदले जाने को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने इस पर हो रहे विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. थरूर ने कहा कि नए ‘VB-G RAM G’ बिल में MGNREGA का नाम बदलने पर हो रहा विवाद दुर्भाग्यपूर्ण है. ग्राम स्वराज की अवधारणा और राम राज्य का आदर्श कभी भी एक-दूसरे के विरोधी नहीं थे. वे गांधीजी की चेतना के जुड़वां स्तंभ थे.
मनरेगा के नाम बदलने पर शशि थरूर ने जताई आपत्ति
गांधीजी की विरासत का अपमान न करने की अपील
ग्राम स्वराज और राम राज्य को बताया गांधीजी के स्तंभ
केंद्र सरकार मनरेगा योजना को निरस्त करने और एक नया कानून बनाने की तैयारी में है। कांग्रेस की ओर से इसकी कड़ी आलोचना की जा रही है। इस बीच, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने मनरेगा का नाम बदलने को लेकर केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन किया है। शनिवार को एक्स पर पोस्ट करके उन्होंने कहा, 'MGNREGA के नाम बदलने को लेकर सरकार के प्रस्तावित नए जी-राम-जी विधेयक पर विवाद दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्राम स्वराज का विचार और राम राज्य का आदर्श कभी प्रतिस्पर्धी शक्तियां नहीं थीं, वे गांधी जी की चेतना के दोहरे स्तंभ थे। ग्रामीण गरीबों के लिए योजना में महात्मा का नाम हटाना इस गहन सहजीवन को नजरअंदाज करता है। उनकी अंतिम सांस 'राम' की साक्षी थी, आइए हम उनकी विरासत का अपमान न करें, जहां कोई विभाजन नहीं था वहां विभाजन पैदा करके।'
वहीं, कांग्रेस ने मनरेगा के स्थान पर केंद्र सरकार की ओर से नया कानून बनाने की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को कांग्रेस ने दावा किया कि इस योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाया जाना यह दिखाता है कि बापू के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेम दिखावटी है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि यह मनरेगा को खत्म करने की साजिश है और सरकार का यह कदम महात्मा गांधी का अपमान है। सरकार ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम’ (मनरेगा) को निरस्त करने और इस संबंध में नया कानून बनाने के लिए लोकसभा में विधेयक ला सकती है।
खरगे ने एक्स पर पोस्ट करके क्या कहा
नए विधेयक का नाम ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ (विकसित भारत- जी राम जी) विधेयक, 2025’ होगा। विधेयक की प्रतियां लोकसभा सदस्यों को बांटी गई हैं। खरगे ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘यह केवल महात्मा गांधी नरेगा का नाम बदलने की बात नहीं है। यह भाजपा-RSS की मनरेगा को ख़त्म करनी साज़िश है। संघ के 100 साल पर गांधी का नाम मिटाना ये दिखाता है कि जो मोदी जी विदेशी धरती पर बापू को फूल चढ़ाते हैं, वो कितने खोखले और दिखावटी हैं।’ उन्होंने कहा कि जो सरकार गरीब के हक से चिढ़ती हो, वही मनरेगा पर वार करती है। इस अहंकारी सत्ता के गरीब और मजदूर विरोधी किसी भी निर्णय का कांग्रेस पार्टी संसद और सड़क पर पुरज़ोर विरोध करेगी। हम सत्ता को करोड़ों गरीब, मजदूरों और कामगारों के हकों को छीनने नहीं देगें।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस