अवैध खनन पर उप जिलाधिकारी का बड़ा एक्शन, रात में चली ताबड़तोड़ कार्रवाई, डीएम के निर्देश पर चुर्खी रोड पर 04 ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, मचा हड़कंप
डीएम ने भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई
चुर्खी रोड क्षेत्र में देर रात टास्क फोर्स का विशेष अभियान
बिना अनुमति मिट्टी परिवहन कर रहे 04 ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
वैध दस्तावेज न मिलने पर वाहनों को फैक्ट्री एरिया चौकी में किया गया बंद
उरई । जनपद में अवैध खनन एवं राजस्व क्षति रोकने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी उरई ज्योति सिंह के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स समिति ने कल देर रात चुर्खी रोड क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की।अभियान के दौरान बिना वैध अनुमति मिट्टी का परिवहन कर रहे 04 ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर पकड़ लिया गया। जांच में आवश्यक अभिलेख एवं वैध प्रपत्र प्रस्तुत न किए जाने पर सभी वाहनों को तत्काल सीज कर फैक्ट्री एरिया चौकी में बंद कराया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। उप जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों एवं नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि खनन से जुड़े सभी कार्य शासन की निर्धारित प्रक्रिया एवं वैध अनुमति के अनुसार ही किए जाएं। प्रशासन द्वारा देर रात की गई इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे और नियम विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस