निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर हलचल तेज, जल्द आ सकता है फैसला, BJP प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दिए संकेत
मध्य प्रदेश में निगम-मंडलों में होने वाली नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बयान के बाद संकेत मिल रहे हैं कि नियुक्तियों को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है और जल्द ही इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
मध्य प्रदेश में होने वाली निगम मंडलों की नियुक्तियों को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बडे़ संकेत दिए हैं, जिसके बाद राजनीतिक हलचल तेज होना शुरू हो गई हैं.
हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि निगम और मंडलों के लिए नियुक्तियों की सूची जल्द जारी की जाएगी और प्रक्रिया अभी अंतिम चरण में है।
भोपाल।मध्य प्रदेश में निगम और मंडलों में होने वाली राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर एक बार फिर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के ताज़ा बयान के बाद यह संकेत मिल रहे हैं कि नियुक्तियों की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है और किसी भी समय आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
‘तैयारी पूरी, अब सिर्फ घोषणा बाकी’
बैतूल दौरे के दौरान हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि निगमों और मंडलों में नियुक्तियों को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल औपचारिक ऐलान होना शेष है। इस बयान के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
30 से 40 पदों पर होगी नियुक्ति
प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि राज्य में निगम और मंडल करीब 30 से 40 हैं और इन्हीं के अनुरूप पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की संख्या लाखों में है, ऐसे में सभी को दायित्व देना संभव नहीं है।
खंडेलवाल के मुताबिक संगठन को मजबूत करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखना जरूरी है।
संगठन विस्तार पर फोकस
उन्होंने बताया कि जिला प्रभारियों की नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं, जबकि प्रकोष्ठों और मोर्चों के स्तर पर अभी और काम किया जाना है। संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि आने वाले समय में पार्टी को इसका लाभ मिल सके।
दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व से हुई चर्चा
हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान हेमंत खंडेलवाल ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी। इस बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
सूत्रों का कहना है कि इसी दौरान निगम-मंडल नियुक्तियों के मुद्दे पर भी चर्चा की गई।
सीएम मोहन यादव के साथ भी हुआ मंथन
निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच भी कई दौर की बातचीत हो चुकी है। हाल ही में बीजेपी कार्यालय में दोनों नेताओं के बीच अहम बैठक हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, 2023 विधानसभा चुनाव में कम अंतर से पराजित रहे कुछ नेताओं को भी दायित्व सौंपे जाने पर विचार किया जा रहा है।
भोपाल की राजनीति होगी और सक्रिय
संगठन और सरकार के बीच संतुलन साधते हुए नियुक्तियां किए जाने की तैयारी से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति और अधिक सक्रिय हो सकती है। अब सभी की नजरें निगम-मंडल नियुक्तियों की संभावित सूची पर टिकी हुई हैं।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस