विधानसभा में गिरगिट लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायक, बोले- सरकार बार-बार बदल रही है रंग

मध्यप्रदेश विधानसभा में आज कांग्रेस विधायक एक गिरगिट लेकर पहुंचे और राज्य सरकार पर OBC आरक्षण के मुद्दे पर बार-बार रुख बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने गिरगिट को सरकार की बदलती नीति का प्रतीक बताया। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन पर भाजपा विधायकों ने प्रतिक्रिया दी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें कौन रोक रहा है?

विधानसभा में गिरगिट लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायक, बोले- सरकार बार-बार बदल रही है रंग

OBC आरक्षण पर सरकार का रुख सवालों में, गिरगिट लाकर कांग्रेस विधायक ने कसा तंज

मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। वे हाथों में तख्तियां और खिलौने वाले गिरगिट लेकर पहुंचे। गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी की। कांग्रेस विधायकों का कहना था कि सरकार अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 फीसदी आरक्षण नहीं देना चाहती। वह बार-बार गिरगिट की तरह रंग बदल रही है।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू

विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो गया। वंदे मातरम् गान के साथ सदन की कार्यवाही शुरू की गई। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा अध्यक्ष से हंसी मजाक करते हुए कहा- आपकी रंगबाजी दिख रही है। इसके बाद दिवंगत नेताओं, अभिनेता स्व. मनोज कुमार, पहलगाम हमले में मृतक लोगों और अहमदाबाद विमान हादसे में मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई।

कांग्रेस समाज से माफी मांगे 

ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर विरोध कर रही कांग्रेस पर भाजपा विधायक शैलेन्द्र जैन ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ओबीसी समाज से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने न्यायालय में ओबीसी वर्ग के पक्ष में उचित पैरवी नहीं की। साथ ही कई मौकों पर कांग्रेस ने ओबीसी आरक्षण का विरोध किया।

गिरगिट वाली तख्तियां लेकर कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन 

मानसून सत्र की शुरूआत हंगामेदार रही। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के बाहर गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन किया। विधायकों ने सरकार पर वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। विधायक हाथों में तख्तियां लिए हुए थे। कई तख्तियोंं में गिरगिट बना हुआ था। गिरगिट वाले खिलौने भी विधायकों के हाथ में थे। विधायकों ने गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी भी की। कांग्रेस विधायकों की मांग ओबीसी आरक्षण को लेकर थी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक सचिन यादव, जयवर्धन सिंह, कुणाल चौधरी सहित कई कांग्रेस विधायक काले गमछे और पोस्टर भी लिए हुए थे।