दद्दाजी के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 137वां सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग महाअनुष्ठान: शिष्य मंडल की महापौर मालती राय से भेंट, व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा

भोपाल में 137वें सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महा रुद्राभिषेक के भव्य आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। ब्रह्मलीन पंडित देव प्रभाकर शास्त्री ‘दद्दाजी’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उनके उत्तराधिकारी पंडित अनिल शास्त्री ‘बड़े भैया’ के सानिध्य में यह आयोजन होगा। व्यवस्थाओं को लेकर दद्दा शिष्य मंडल ने महापौर मालती राय से भेंट कर स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की। नगर निगम ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

दद्दाजी के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 137वां सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग महाअनुष्ठान: शिष्य मंडल की महापौर मालती राय से भेंट, व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा

भोपाल में गूँजेगा 'हर-हर महादेव', 137वें सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण को लेकर तैयारियां तेज

दद्दा शिष्य मंडल ने महापौर मालती राय से की भेंट, मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

​भोपाल। राजधानी भोपाल एक बार फिर भक्ति के सागर में सराबोर होने जा रही है। ब्रह्मलीन गृहस्थ संत पूज्य पंडित देव प्रभाकर शास्त्री 'दद्दाजी' के संकल्पों को निरंतरता प्रदान करते हुए, उनके उत्तराधिकारी एवं गृहस्थ संत पंडित अनिल शास्त्री 'बड़े भैया' के पावन सानिध्य में 137वें सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण, महा रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन होने जा रहा है।

इस वृहद धार्मिक अनुष्ठान की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं को लेकर 'दद्दा शिष्य मंडल भोपाल' के एक प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल की प्रथम नागरिक, महापौर श्रीमती मालती राय से सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को आगामी कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया और आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

​इन प्रमुख बिंदुओं पर हुआ विचार-विमर्श

मुलाकात के दौरान शिष्य मंडल ने लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु नगर निगम प्रशासन से सहयोग की अपील की। चर्चा में मुख्य रूप से निम्न बिंदुओं को शामिल किया गया:

​स्वच्छता अभियान: आयोजन स्थल पर नियमित साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन।

​जलापूर्ति: श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल और टैंकरों की उपलब्धता।

​प्रकाश व्यवस्था: सुरक्षा की दृष्टि से आयोजन स्थल के आसपास और पहुंच मार्गों पर पर्याप्त लाइटिंग।

​श्रद्धा और सेवा का संगम

महापौर  मालती राय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा इस पुनीत कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। दद्दा शिष्य मंडल ने बताया कि 'दद्दाजी' द्वारा शुरू किया गया यह अभियान समाज को आध्यात्मिक एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहा है।

​इस अवसर पर दद्दा शिष्य मंडल के प्रमुख सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।