उड़ान भरते ही पीछे गया CM मोहन का हेलीकॉप्टर, चंद सेकंड में पायलट ने संभाली स्थिति, अफसरों की जान अटकी, वीडियो में देखिए कैसे डगमगाया

एमपी के खंडवा में उड़ान भरते समय मुख्यमंत्री मोहन यादव का हेलीकॉप्टर आगे जाने के बजाय अचानक पीछे की ओर आने लगा जिससे वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुख्यमंत्री मोहन यादव का हेलीकॉप्टर हवा में उठने के बाद कुछ सेकंड तक आगे बढ़ने की बजाय पीछे की ओर जाता हुआ नजर आया.

मध्य प्रदेश के खंडवा में शनिवार (14 फरवरी) को बड़ा हादसा होते-होते टल गया. मुख्यमंत्री मोहन यादव का हेलीकॉप्टर हवा में असंतुलित हो गया. शनिवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खंडवा जिले के दौरे पर पहुंचे थे, जहां पंधाना में राज्य स्तरीय 'लाडली बहना योजना' कार्यक्रम आयोजित हुआ था. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उड़ान भरने लगा तो वहां मौजूद लोगों की सांसें कुछ पल के लिए थम गईं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हेलीकॉप्टर हवा में उठने के बाद कुछ सेकंड तक आगे बढ़ने की बजाय पीछे की ओर जाता हुआ नजर आया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हलचल और चिंता का माहौल बन गया. 

पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को किया कंट्रोल

हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्थिति को कंट्रोल किया और हेलीकॉप्टर ने धूल के गुबार के बीच सुरक्षित ऊंची उड़ान भर ली. इसके बाद मुख्यमंत्री की खंडवा से भोपाल तक की यात्रा सफलतापूर्वक पूरी हुई, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक दलों ने राहत की सांस ली.

सीएम ने की लाडली बहना योजना की किस्त जारी

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा जिले के पंधाना में लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त जारी की. पंधाना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वन क्लिक के माध्यम से एक करोड़ पच्चीस लाख लाडली बहनों के खातों में अठारह सौ करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की. इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा, ''बहनें मध्यप्रदेश की लक्ष्मी हैं, अन्नपूर्णा हैं, उनके लिए जितना करें, उतना कम है.'' कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि के साथ ही स्थानीय लोग भी मौजूद रहे.

इसके साथ ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 14 फरवरी को बुरहानपुर को लगभग सात सौ करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देते हुए ऐलान किया है कि आगामी समय में बुरहानपुर में कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी.