खजुराहो में बुंदेलखंड को हजारों करोड़ की मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगातें,  बुंदेलखंड को मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने विकास की सौगातों से भर दिया : गोविंद सिंह राजपूत

खजुराहो में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो दिवसीय प्रवास के दौरान बुंदेलखंड और सागर जिले के लिए हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों की बड़ी घोषणाएँ की गईं। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि यह बुंदेलखंड के लिए ऐतिहासिक दिन रहा, जिसमें सागर के विकास को नई दिशा देने वाले कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

खजुराहो में बुंदेलखंड को हजारों करोड़ की मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगातें,   बुंदेलखंड को मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने विकास की सौगातों से भर दिया : गोविंद सिंह राजपूत

 खाद्य मंत्री ने कहा, सागर को सड़क, उद्योग, वन्यजीव व स्वास्थ्य-चारों क्षेत्रों में बड़ी सौगात

भोपाल।खजुराहो में दो दिवसीय डाॅ. मोहन यादव के प्रवास के दौरान मंत्रिमंडल की कैबिनेट में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये जिसमें बुंदेलखंड के लिए यह एक स्वर्णमिक दिवस रहा। जब सागर के लिए मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगातें देकर सागर के विकास की नई ईवारत लिखी। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि डाॅ. मोहन यादव ने बुंदेलखंड एवं सागर के लिए हजारों करोड़ की सौगातें दी हैं जिससे सागर विकास के नये आयामों को छूएगा। यहां के युवाओं को रोजगार से जोड़कर विकास की नई कहानी लिखी जायेगी तो वहीं पर्यटन के क्षेत्र में नया इतिहास रचने की घोषणा हो चुकी है। खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सागर में 608.93 हेक्टेयर भूमि पर 25 हजार करोड़ की लागत से नया उद्योग क्षेत्र स्थापित किया जायेगा जिसमें कई उद्योग होंगे जिससे 30 हजार लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं दूसरी ओर नौरादेही अभ्यारण में जुलाई माह में मुख्यमंत्री 4 चीता लेकर आयेंगे जिससे क्षेत्र में स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। श्री राजपूत ने कहा कि इसके साथ ही सागर से दमोह सड़क फोरलेन करने की घोषणा की है। यह सड़क अब तक टूलेन था, अब इस सड़क के फोरलेन होने से आवागमन में सुलभता होगी। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने छतरपुर तथा दमोह में नये मेडिकल काॅलेज के लिए नये पदों का श्रृजन किया गया है। इसके साथ ही बीना के लिए सौ बिस्तरीय अस्पताल की घोषणा की गई है। इन घोषणाओं से सागर का विकास ऊंचाईयों तक पहुंचेगा। मंत्री श्री राजपूत ने मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव का धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सागर तथा बुंदेलखंड के लिए मुख्यमंत्री द्वारा दी गई यह सौगातें विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगी।

 25 हजार करोड़ से विकसित होगा नया औद्यौगिक क्षेत्र

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि उद्योगों के लिए भी सागर को विशेष पैकेज प्रदान किया गया है। जिसके तहत रिछोड़ा के पास 25 हजार करोड़ की लागत से नया औद्यौगिक क्षेत्र विकसित किया जायेगा, जिसमें लगभग 30 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है। मसवासी ग्रंट औद्योगिक क्षेत्र हेतु स्वीकृत विशेष औद्योगिक प्रोत्साहन पैकेज में भूमि टोकन शुल्क मात्र एक रुपये प्रति वर्गमीटर, किराया और रजिस्ट्रेशन शुल्क में पूर्ण छूट एवं बिजली दरों में रियायत शामिल है। 

 जुलाई माह में आयेंगे नौरादेही में 4 चीता

खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि जब प्रधानमंत्री कूनो में चीता लेकर आये थे तो पूरे देश को बड़ी खुशी हुई थी और अब बुंदेलखंड में पहली बार मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव जुलाई माह में नौरादेही अभ्यारण में 4 चीता लेकर आयेंगे, यह हमारे लिए गर्व की बात है। इससे हमारे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी सागर जिले को बड़ी उपलब्धि मिली है। नौरादेही अभयारण्य को प्रदेश के तीसरे चीता आवास के रूप में विकसित करने की सैद्धांतिक सहमति दी गई है। इससे क्षेत्र में पर्यावरणीय संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की सकारात्मक पहल है। 

 सागर-दमोह फोरलेन निर्माण को 2059 करोड़ मंजूर

मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि केबिनेट बैठक में सागर-दमोह मार्ग को 4-लेन मय पेव्हड शोल्डर के साथ विकसित करने के लिए 2059.85 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। 76.680 किमी लंबे इस मार्ग का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (एचएएम) के अंतर्गत किया जाएगा। परियोजना में 13 अंडरपास, 3 फ्लाईओवर, 9 मिडियन, 1 आरओबी तथा 13 पुल-पुलिया निर्माण का प्रावधान है। भूमि अर्जन और अन्य कार्यों पर 323.41 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इससे सागर दमोह भोपाल जबलपुर जाने वालों के लिए आवागमन सुलभ होगा।

 100 बेड का होगा बीना अस्पताल, पद सृजन को मंजूरी

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए बीना सिविल अस्पताल की क्षमता 50 से 100 बिस्तर तक बढ़ाने और नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है। इससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होने की उम्मीद है।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि उक्त निर्णयों से स्पष्ट है कि सागर जिले के लिए यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण रही। सड़क विकास से यात्रा सुगम होगी, नए चीता आवास से पर्यटन व पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, औद्योगिक पैकेज से निवेश बढ़ेगा और स्वास्थ्य ढांचा मजबूत होगा। खजुराहो में डाॅ. मोहन यादव ने बुंदेलखंड के विकास की नई ईवारत लिखी जिसमें समस्त बुंदलेखंड को विकसित करने के लिए हजारों करोड़ की सौगातें दी गईं इससे बुंदेलखंड का हर क्षेत्र विकास कार्यों से जुड़ेगा। पूर्व मंत्री रहली विधायक गोपाल भार्गव ने मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव को रहली तथा सागर क्षेत्र के लिए दी गई विकास कार्यों की सौैगात के लिए आभार व्यक्त किया। नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि यह निर्णय विकास की नई कहानी लिखेंगे उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को नये विकास कार्यों की शुभकामनाएं दी।