झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली आखिरी सांस,पीएम मोदी ने जताया शोक, लालू ने भी किया याद
पीएम मोदी ने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, 'शिबू सोरेन एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर समर्पण के साथ अपनी पहचान बनाई. वह विशेष रूप से आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के प्रति अत्यंत समर्पित थे. उनके निधन से गहरा दुःख हुआ है. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और चाहने वालों के साथ हैं. मैंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर शोक व्यक्त किया है.'

झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन काफी समय से बीमार थे। उनका इलाज दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में चल रहा था। जहां उनका आज निधन हो गया। वह तीन बार के पूर्व सीएम थे।
झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का निधन हो गया है। दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में पूर्व सीएम ने अंतिम सांस ली है। 'दिशोम गुरु' के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन का सर गंगा राम अस्पताल में एक महीने से अधिक समय से इलाज चल रहा था।उनके निधन की पुष्टि झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके बेटे हेमंत सोरेन ने की. एक भावुक संदेश में हेमंत ने लिखा, 'आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं. आज मैं शून्य हो गया हूं...'
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
पीएम मोदी ने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, 'शिबू सोरेन एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर समर्पण के साथ अपनी पहचान बनाई. वह विशेष रूप से आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण के प्रति अत्यंत समर्पित थे. उनके निधन से गहरा दुःख हुआ है. मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और चाहने वालों के साथ हैं. मैंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर शोक व्यक्त किया है.'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, 'शिबू सोरेन झारखंड के उन कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने समाज के कमजोर वर्गों, विशेष रूप से जनजातीय समाज के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्ष किया. वे हमेशा जमीन और जनता से जुड़े रहे. मेरा भी उनसे लंबा परिचय रहा. उनके निधन से मुझे बहुत दुःख हुआ है. उनके परिवार एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं.'
राष्ट्रपति और नितिन गडकरी गए थे अस्पताल
कुछ ही दिन पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में शिबू सोरेन के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने गए थे।शिबू सोरेन का जून 2025 से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां उन्हें ब्रेन स्ट्रोक और किडनी से संबंधित समस्याओं के लिए वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
तीन बार के थे पूर्व सीएम
शिबू सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक और प्रमुख नेता थे। जिन्हें दिशोम गुरु के नाम से भी जाना जाता था। शिबू सोरेन का जन्म 11 जनवरी 1944 को झारखंड के रामगढ़ जिले (तत्कालीन बिहार के हजारीबाग जिले) के नेमरा गांव में हुआ था। वे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके थे। ये तीन बार (2005, 2008, और 2009) सीएम के पद पर कार्यरत थे। हालांकि, वे कभी भी अपना सीएम कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे।
आदिवासियों के अधिकारों के लिए लड़ी लंबी लड़ाई
शिबू सोरेन ने झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने आदिवासियों के अधिकारों के लिए 'धनकटनी आंदोलन' शुरू किया था। इसके तहत उन्होंने महाजनों और साहूकारों के खिलाफ आदिवासियों को एकजुट किया था। वे 1980 से 2019 तक दुमका से लोकसभा सांसद रहे और वर्तमान में राज्यसभा सांसद थे। उनकी अगुवाई में JMM ने झारखंड को अलग राज्य बनाने में निर्णायक योगदान दिया।