शिवराज सिंह चौहान ने दिया बड़ा तोहफा,छात्रों के लिए फ्री कोचिंग,आठों विधानसभाओं में मुफ्त मोबाइल हॉस्पिटल करेंगे शुरू,66वें जन्मदिन पर लिए 5 संकल्प

शिवराज ने अपने 66वें जन्मदिन पर भोपाल के स्मार्ट पार्क में परिवार के साथ पौधारोपण किया। यहां मीडिया से कहा कि वे आज 5 संकल्प ले रहे हैं। ये पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े हैं।

शिवराज सिंह चौहान  ने दिया बड़ा तोहफा,छात्रों के लिए फ्री कोचिंग,आठों विधानसभाओं में मुफ्त मोबाइल हॉस्पिटल  करेंगे शुरू,66वें जन्मदिन पर लिए 5 संकल्प

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज गुरुवार 5 मार्च को 66 साल के हो गए हैं। उनके समर्थक शिवराज के जन्मदिन को प्रेम सेवा संकल्प दिवस के रूप में मना रहे हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को 'मामा कोचिंग क्लासेस' का शुभारंभ किया। यह पहल उनके संसदीय क्षेत्र विदिशा से शुरू हुई है और जल्द ही रायसेन में भी इसका विस्तार किया जाएगा। इस कोचिंग में बैंकिंग, SSC, MPPSC, DRDO और फॉरेस्ट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी।

विदिशा के रवींद्रनाथ टैगोर संस्कृति भवन से आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रायसेन जिला मुख्यालय के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में देखा गया। इस दौरान सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, स्कूल की प्राचार्य स्वाति चौहान, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।

कार्यक्रम के बाद, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के जन्मदिन के अवसर पर उनके आह्वान पर स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया गया। सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने बताया कि 'मामा कोचिंग क्लासेस' रायसेन में भी निःशुल्क शुरू की जाएगी, जिससे बच्चों को अपने भविष्य चुनने का अवसर मिलेगा।

30 मार्च पंजीयन के लिए अंतिम तिथि उल्लेखनीय है कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज (गुरुवार) 66वां जन्मदिन है, जिसे वे 'प्रेम सेवा संकल्प दिवस' के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन से संबंधित पांच संकल्प लिए।

यह कोचिंग ऑनलाइन भी उपलब्ध होगी, जिससे दूरदराज के छात्र घर बैठे इसका लाभ उठा सकेंगे। विदिशा, रायसेन और भेरुंदा में 100-100 छात्रों का पहला बैच जल्द ही शुरू किया जाएगा।

पंजीयन प्रक्रिया क्यूआर कोड स्कैन करके शुरू कर दी गई है, जिसकी अंतिम तिथि 30 मार्च है। इसके बाद एक प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें से 100 योग्य छात्रों का चयन कर उन्हें कोचिंग दी जाएगी। शेष छात्रों के लिए भी ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सभी निःशुल्क शिक्षा का लाभ ले सकें।

टॉपर्स का होगा सम्मान शिवराज ने अपने माता-पिता की स्मृति में 'प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान' शुरू करने का निर्णय भी लिया है। विदिशा संसदीय सीट की आठों विधानसभाओं में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को ₹51,000, ₹31,000 और ₹21,000 की सम्मान राशि दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में मोबाइल हॉस्पिटल (चलित अस्पताल) भी शुरू करेंगे। इनमें आधुनिक जांच सुविधाओं के साथ योग्य डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी, जो गांव-गांव और मजरे-टोलों में जाकर मुफ्त इलाज देगी। मोबाइल हॉस्पिटल की व्यवस्था सांसद निधि से होगी जबकि इसे चलाने के लिए जनसहयोग लिया जाएगा।

वहीं, अपने जन्मदिन के अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "सेवा प्रेम का अमिट रूप है। हम अपना जन्मदिन बड़े आनंद और उत्साह के साथ मनाते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रत्येक जन्मदिन के साथ हमारी आयु का एक वर्ष और कम हो जाता है। ऐसे में मन में यही विचार आ रहा है कि बचा हुआ जीवन हम कैसे सार्थक जिएं। मैं मानता हूं कि हम सभी में एक ही चेतना है, इसलिए हम सब एक हैं। हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है कि 'आत्मवत् सर्वभूतेष', सिय राममय सब जग जानी, वसुधैव कुटुम्बकम्, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो।"

उन्होंने आगे लिखा, "जब हम सबमें एक ही चेतना है, तो हम सबको अपना मानें और सबसे प्रेम करें। प्रेम का सर्वश्रेष्ठ प्रकटीकरण सेवा है, इसलिए हम सबकी सेवा करें और सबसे प्रेम करें, यही जीवन की वास्तविक सार्थकता है। मेरे हृदय में सेवा का यह संकल्प और प्रबल हो रहा है। प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना भी सेवा का ही एक पवित्र माध्यम है। पेड़ लगाकर हम धरती, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपना दायित्व निभा सकते हैं। मैं भी प्रतिदिन पेड़ लगा रहा हूं, आप भी एक पेड़ लगाइए।"