हर बूथ को सशक्त बनाकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प: गोविंद सिंह राजपूत ने मंडल प्रभारियों की बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क, सदस्यता अभियान और बूथ सशक्तिकरण पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश
भोपाल में हुई मंडल प्रभारियों की बैठक में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान तेज करने और जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसका कार्यकर्ता है और हर बूथ पर सक्रिय टीम तैयार कर योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना जरूरी है। साथ ही उन्होंने “मन की बात” कार्यक्रम को जन-आंदोलन बनाने और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
हर बूथ को सशक्त बनाकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं : गोविंद सिंह राजपूत-मंडल प्रभारियों की बैठक में दिए संगठन विस्तार और जनसंपर्क के मंत्र
भोपाल । खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा सुरखी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने रविवार को मातेश्वरी परिसर में सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडल प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित और अनुशासित कार्यकर्ता है। संगठन की मजबूती ही भाजपा की सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ पर नियमित संगठनात्मक गतिविधियां संचालित हों तथा अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ता तक संगठन का विस्तार सुनिश्चित किया जाए।
बूथ ही भाजपा की विजय का आधार :
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने बूथ सशक्तिकरण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि भाजपा की हर चुनावी सफलता के केंद्र में मजबूत बूथ व्यवस्था होती है। उन्होंने सभी मंडल प्रभारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाए तथा बूथ समितियों को निरंतर सक्रिय रखा जाए। साथ ही वरिष्ठ एवं भूतपूर्व कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेते हुए नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने शक्ति केंद्रों पर नियमित बैठकें आयोजित करने, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों को गति देने के निर्देश भी दिए।
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियां पहुंचें घर-घर :
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों, गरीब कल्याण योजनाओं, किसान हितैषी निर्णयों, महिला सशक्तिकरण एवं विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें भाजपा की विकास यात्रा से जोड़ने का कार्य भी संगठन के कार्यकर्ता करें।
मन की बात" को जन आंदोलन बनाने का आह्वान :
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम "मन की बात" को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बताते हुए सभी मंडल प्रभारियों से प्रत्येक मंडल के कम से कम एक बूथ पर कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि जनभागीदारी और प्रेरणा का सशक्त मंच है।
मंडलों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर :
बैठक में सदस्यता विस्तार, सेवा गतिविधियों, सामाजिक संपर्क अभियान तथा मंडलों को संगठनात्मक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के विषय पर भी व्यापक चर्चा की गई। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रत्येक मंडल अपने स्तर पर संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्षम बने तथा स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान में भी सक्रिय भूमिका निभाए।
लगातार अनुपस्थिति पर पद से मुक्त होंगे पदाधिकारी :
बैठक में विधानसभा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र पाठक ने संगठनात्मक अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि जो पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहेगा, उसे संगठन की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार स्वतः पदमुक्त माना जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से पालन करने का आग्रह किया। बैठक के अंत में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, सेवा गतिविधियों, बूथ विस्तार, शक्ति केंद्रों की सक्रियता एवं विभिन्न मोर्चों की कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन हित को सर्वोपरि रखते हुए भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में विधानसभा प्रभारी, विभिन्न मंडल प्रभारी, आईटी सेल प्रभारी, किसान मोर्चा अध्यक्ष तथा अनुसूचित जाति मोर्चा सहित अनेक संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस