उपजेलर की दरिंदगी: पेड़ से बांधकर कैदियों की पिटाई, डिप्टी जेलर पर वसूली और ‘रिश्वत पैकेज’ का आरोप
एसडीएम के मुताबिक वीडियो कितना पुराना है और किस कारण कैदियों को इस तरह पीटा गया था इसके पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जेल में तानाशाही! पेड़ से बांधकर कैदियों की पिटाई, सुविधाओं के नाम पर ‘रिश्वत पैकेज’ उजागर
जेल में अत्याचार और भ्रष्टाचार: उपजेलर पर पिटाई, डिप्टी जेलर पर वसूली; गद्दा-टीवी बना ‘रिश्वत पैकेज’
गुना।गुना जिले की चांचौड़ा उपजेल में कैदियों के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। जेल के भीतर कैदियों की पिटाई का एक वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो में उपजेलर यूएस मोहाने एक कैदी को पेड़ से बांधकर लाठी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद चांचौड़ा एसडीएम रवि मालवीय ने संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
SDM ने मांगी उच्च स्तरीय जांच
एसडीएम रवि मालवीय के अनुसार वीडियो की जानकारी उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स के माध्यम से मिली है। वीडियो कितना पुराना है और किस कारण से कैदियों के साथ मारपीट की गई, इसकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई है।
6 महीने पुराना बताया जा रहा वीडियो
मीडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार यह वीडियो करीब छह महीने पुराना बताया जा रहा है। आरोप है कि उपजेलर कैदियों से अवैध रूप से पैसों की मांग करता था। जेल के भीतर बुनियादी सुविधाओं के बदले कैदियों के परिजनों से जबरन वसूली के आरोप भी सामने आए हैं।
जेल में ‘रिश्वत पैकेज’ का आरोप
सूत्रों के मुताबिक जेल के अंदर सुविधाओं के नाम पर एक ‘पैकेज सिस्टम’ चल रहा था। रिश्वत के आधार पर कैदियों को बेहतर खाना, गद्दा, टीवी, फ्रिज और मुलाकात कक्ष जैसी सुविधाएं दिए जाने के आरोप हैं।
उपजेलर अवकाश पर, कार्रवाई लंबित
वीडियो वायरल होने के बाद से उपजेलर यूएस मोहाने के जेल से नदारद होने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार वे फिलहाल अवकाश पर हैं। डिप्टी जेलर का कहना है कि अधिकारी के लौटने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी विवादों में रहा जेल विभाग
गौरतलब है कि जेल विभाग पहले भी विवादों में घिर चुका है। अब अवैध वसूली और कैदियों के साथ मारपीट के आरोपों ने विभाग की छवि पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस