BJP नेता की गुंडागर्दी: महिला को लाठी-लात-घूंसों से पीटा, बाल पकड़कर जमीन पर पटका; जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
पीसीसी चीफ ने आरोपी को बताया बीजेपी नेता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने फेसबुक में घटना का वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- भाजपा नेता द्वारा एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही है।
सीधी में महिला से बदसलूकी और मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। आरोपी की पहचान संतोष पाठक के रूप में हुई है
शर्मनाक! BJP नेता ने महिला को सरेआम पीटा, बाल खींचकर पटका; जीतू पटवारी ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। यहाँ सिहावल विधानसभा क्षेत्र के दबंग बीजेपी नेता और खुद को पत्रकार बताने वाले संतोष पाठक ने एक असहाय महिला के साथ बीच बाजार में बर्बरता की। महिला की गुमठी गायब कराने के विवाद से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोपी ने न केवल महिला को अपशब्द कहे, बल्कि उसे दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और बाल पकड़कर नीचे गिरा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी हड़कंप मच गया है।
जानें पूरा मामला
सीधी जिला मुख्यालय से दूर बहरी थाना क्षेत्र के बाजार इलाके में रविवार सुबह करीब 10 बजे अफरा-तफरी मच गई। यहाँ एक महिला को सरेआम पीटते हुए संतोष पाठक नामक व्यक्ति का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी संतोष पाठक भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है और एक यूट्यूब चैनल भी चलाता है।
घटना के पीछे की वजह एक 'गुमठी' (छोटी दुकान) बताई जा रही है। पीड़िता अपनी गुमठी के जरिए ही अपने परिवार का गुजारा करती है। उसका आरोप है कि कुछ दिन पहले संतोष पाठक ने सत्ता की धोंस दिखाते हुए रात के अंधेरे में उसकी गुमठी और ठेला वहां से गायब करवा दिया था। पीड़िता ने इसकी शिकायत थाने में भी की थी, लेकिन पुलिस की ढिलाई ने आरोपी के हौसले और बुलंद कर दिए।
बाल पकड़कर सड़क पर पटका, डंडे से पीटा
रविवार सुबह करीब 10 बजे बाजार में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में झड़प हो गई। महिला ने विरोध में चप्पल उठाई, तो आरोपी संतोष पाठक ने आपा खो दिया और लाठी-डंडों व मुक्कों से उस पर हमला बोल दिया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि संतोष पाठक ने महिला के बाल पकड़कर उसे बीच सड़क पर पटक दिया। उसने महिला को दौड़ा-दौड़ा कर लात-घूसों और लाठियों से पीटा। मौके पर मौजूद भीड़ मूकदर्शक बनी रही, जबकि किसी राहगीर ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
घटना का वीडियो वायरल होते ही सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने फेसबुक पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि भाजपा नेता द्वारा महिला के साथ यह बर्बरता शर्मनाक है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी नेता के खिलाफ केस दर्ज
बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे के मुताबिक, महिला की शिकायत पर आरोपी संतोष पाठक के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ वैधानिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर लोगों में गुस्सा, कार्रवाई की मांग
कथित पत्रकार और बीजेपी नेता संतोष पाठक की इस बर्बर करतूत को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जिस तरह से आरोपी ने बहरी बाजार इलाके में एक असहाय महिला को बीच बाजार दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, उससे न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि आम जनता में भी गहरा गुस्सा है। सरेआम की गई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, लोगों ने इसे शर्मनाक घटना बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस