राहुल गांधी और नेहरू परिवार संस्कारहीन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग देश की जनता का अपमान – मंत्री विश्वास कैलाश सारंग
बिहार के दरभंगा में वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस और नेहरू परिवार के संस्कारों का प्रमाण है। सारंग ने राहुल गांधी से देश और प्रधानमंत्री से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।

दरभंगा मंच से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा
मंत्री सारंग बोले– राहुल गांधी ने लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा तोड़ी
कांग्रेस और नेहरू परिवार पर साधा निशाना
मोदी का अपमान मतलब देश की जनता का अपमान
राहुल गांधी से तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग
भोपाल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में बिहार के दरभंगा में वोट अधिकार यात्रा के भरे मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने पर मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
सारंग ने कहा कि राहुल गांधी ने राजनीति की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को तार-तार किया है। यह घटना कांग्रेस पार्टी और नेहरू परिवार के संस्कारों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का असली चरित्र और चाल एक बार पुनः जनता के सामने उजागर हुआ है।
मंत्री सारंग ने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की असभ्य और आपत्तिजनक शब्दावली का कोई स्थान नहीं है। जनता इस अमर्यादित व्यवहार को कभी क्षमा नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपनी राजनीतिक कुंठा और हताशा में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे वैश्विक नेता के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर अक्षम्य अपराध किया है।
उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी किसी के रहमो करम से नहीं, बल्कि भारत की 140 करोड़ जनता के विश्वास और आशीर्वाद से प्रधानमंत्री बने हैं। ऐसे में उनके अपमान का सीधा अर्थ देश की जनता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है।
सारंग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई है। चाहे वह स्वतंत्रता के बाद की नीतियां हों, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे हों या अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि—कांग्रेस ने अपने बयानों और कार्यों से देश की प्रतिष्ठा को नुकसान ही पहुंचाया है।
अंत में मंत्री सारंग ने राहुल गांधी से मांग की कि वे तुरंत सार्वजनिक रूप से देश की जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी ऐसा नहीं करते हैं तो जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।