जो मेरा शक था वही हुआ; दिग्विजय सिंह ने बताया बिहार में क्यों हार गया महागठबंधन
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम ने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है. महागठबंधन का हाल देख एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने बड़ा बयान दे दिया है.
बिहार चुनाव नतीजों में भाजपा की अगुवाई वाला एनडीए भारी जीत दर्ज करने की ओर है। RJD-कांग्रेस करारी हार की ओर हैं। हार पर दिग्विजय सिंह का तगड़ा बयान सामने आया है?
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने महागठबंधन को करारा झटका दिया है. एनडीए की प्रचंड बढ़त के बीच मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज की है. उन्होंने कहा, ‘जो शक था, वही हुआ’. दिग्विजय ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए संगठन पर विशेष ध्यान देने की बात कही.
दिग्विजय सिंह ने पोस्ट में लिखा, “जो मेरा शक था वही हुआ. 62 लाख वोट कटे, जबकि 20 लाख वोट जुड़े, उसमें से 5 लाख वोट बिना एसआईआर फॉर्म भरे बांट दिए गए. अधिकांश वोट गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यक वर्ग के कटे.” उन्होंने ईवीएम पर भी शंका जताई, “ईवीएम पर तो शंका बनी हुई है.”
बड़ी रैलियों और जनसभाओं से नहीं जीता जाता चुनाव- दिग्विजय
नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया देने के साथ उन्होंने कांग्रेस पार्टी को भी सलाह दी. दिग्विजय सिंह ने कहा कि अब कांग्रेस को अपने संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. उनके अनुसार, आज के दौर का चुनाव केवल बड़ी रैलियों और जनसभाओं से नहीं जीता जा सकता है. असली जीत मतदान केंद्र स्तर पर होने वाले गहन जनसंपर्क और बूथ मैनेजमेंट से आती है.
कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करना होगा कैडर- दिग्विजय
दिग्विजय सिंह ने लिखा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर कैडर मजबूत करना होगा, ताकि हर बूथ पर उनकी सक्रिय मौजूदगी दर्ज हो सके. उन्होंने कहा कि जब तक संगठन मजबूत नहीं होगा, तब तक चुनावी जीत मुश्किल बनी रहेगी.
अंत में दिग्विजय सिंह ने बिहार चुनाव में आगे चल रहे सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि नया जनादेश बिहार के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएगा.
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस