4 दिन की पुलिस हिरासत में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु,मुझे अपने बब्बर शेर पर गर्व बोले राहुल गांधी, दिल्ली पुलिस ने बताया मास्टरमाइंड
इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट के दौरान शर्टलेस प्रोटेस्ट करने के मामले में गिरफ्तार यूथ कांग्रेस के सदस्यों पर आपराधिक साजिश रचने, लोक सेवक को नुकसान पहुंचाने, ड्यूटी पर तैनात पब्लिक सर्वेंट के काम में बाधा डालने और जानबूझकर अराजकता फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है.
भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान प्रदर्शन के मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उदय भानु का समर्थन किया है।
AI इम्पैक्ट समिट हंगामा मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा है। उन्हें आज सुबह तिलक मार्ग थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी थी और आरोप लगाया कि चिब ही घटना के मास्टरमाइंड हैं। प्रदर्शनकारी उनके निर्देश पर भारत मंडपम में आयोजित समिट में घुसे थे। चिब ने ही उनको लॉजिस्टिक हेल्प की थी।
इधर AI समिट मामले की जांच दिल्ली पुलिस की इंटर-स्टेट क्राइम ब्रांच टीम को सौंपी गई। चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने लिखा कि चिब की गिरफ्तारी असंवैधानिक और तानाशाह नरेंद्र मोदी की सनक का नतीजा है।
दरअसल, 20 फरवरी को इंडियन यूथ कांग्रेस के 11 सदस्यों ने भारत मंडपम में घुसकर AI समिट के दौरान शर्टलैस होकर PM मोदी की फोटो वाली टी-शर्ट लहराई थी। इस दौरान पीएम मोदी इज कॉम्प्रोमाइज्ड के नारे लगाए थे।
दिल्ली पुलिस: चिब का अन्य आरोपियों से आमना-सामना कराना और बड़ी साजिश की जांच के लिए कस्टोडियल पूछताछ जरूरी है। कुछ आरोपी फिलहाल जम्मू, अमेठी और हिमाचल प्रदेश में मौजूद हैं।
चिब के वकील: प्रदर्शनकारियों से 7 से 8 टी-शर्ट बरामद हुई हैं। टी-शर्ट कहीं भी छपवाई जा सकती हैं, पुलिस पूरी फैक्ट्री की जांच की बात कर रही है, केवल इस आधार पर कस्टोडियल इंटरोगेशन की जरूरत नहीं है।
मामले में अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से भी 3 कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। 4 आरोपी घटना वाले दिन ही गिरफ्तार किए गए थे। चिब को मिलाकर मामले में अब तक 8 गिरफ्तारी हो चुकी हैं।
कांग्रेस ने X पोस्ट में लिखा- देश के संविधान ने हर नागरिक को विरोध का अधिकार दिया है। नरेंद्र मोदी इस अधिकार को ही छीन लेना चाहते हैं। हम इन हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं।
IYC महासचिव बोले- प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, देश विरोधी नहीं
इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने AI इम्पैक्ट समिट विवाद पर कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को देश विरोधी नहीं कहा जा सकता। यह वही तरीका है, जैसा अंग्रेजों के शासन में होता था।
उन्होंने कहा कि हमारे कुछ नेताओं ने AI समिट में शांतिपूर्ण विरोध किया था, लेकिन केंद्र सरकार और भाजपा इसे ‘एंटी-इंडिया’ बताने का प्रचार कर रही है। क्या सरकार के खिलाफ हर आवाज को ‘एंटी-इंडिया’ बताकर असली मुद्दों से बचा जा सकता है?
उन्होंने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान कई राज्यों में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जबकि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान नेताओं को हिरासत में लिया गया।
ओझा ने कहा कि सरकार हर विरोध की आवाज को दबाना चाहती है। सरकार का विरोध करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है, यह देश विरोधी नहीं है।
राहुल गांधी ने उदय भानु को बताया 'बब्बर शेर'
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट हमारी ऐतिहासिक विरासत है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का डेमोक्रेटिक अधिकार है।'
राहुल गांधी ने उदय भानु की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थन में लिखा, 'मुझे यूथ कांग्रेस में अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने कंप्रोमाइज पीएम के खिलाफ देश के हित में निडर होकर अपनी आवाज उठाई है।'
कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, 'इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और IYC के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है।'
राहुल गांधी ने IYC के नेताओं को अपना समर्थन देते हुए लिखा, 'कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। डरो मत- सच और संविधान हमारे साथ हैं।'
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस