युवा, महिला व नवविवाहित मतदाताओं से फार्म-6 भरने की अपील, 42 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत उरई कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अब तक 42,769 फार्म-6 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या युवा और महिला मतदाताओं की है। उन्होंने कम पंजीकरण वाले वर्गों, विशेषकर युवा, महिला और नवविवाहित मतदाताओं से शीघ्र नाम जुड़वाने की अपील की तथा निर्वाचन नामावली को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील — छूटे हुए युवा, महिला व नवविवाहित मतदाता जल्द कराएं नाम दर्ज
उरई । 01.01.2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने महत्वपूर्ण बैठक की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावलियां जनसामान्य के अवलोकन हेतु प्रत्येक मतदेय स्थल पर संबंधित बीएलओ के पास, तहसील कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय एवं डीईओ पोर्टल https://jalaun.nic.in/district-election-office/ पर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/download-eroll?stateCode=S24 पर भी नामावली अपलोड की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि नागरिक फार्म-6 (नाम सम्मिलन), फार्म-7 (नाम विलोपन) एवं फार्म-8 (संशोधन) ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से https://voters.eci.gov.in/login पर जमा कर सकते हैं।
दिनांक 06.01.2026 से 26.02.2026 तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूची (फार्म-9, 10, 11, 11A, 11B) जनपद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। 06.02.2026 तक प्राप्त दावों/आपत्तियों की सूची पूर्व में आयोजित बैठक में राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराई जा चुकी है तथा 07.02.2026 से 24.02.2026 तक प्राप्त आवेदनों की सूची वर्तमान बैठक में प्रतिनिधियों को प्रदान की गई। SIR-2026 के दौरान अब तक कुल 42,769 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं, जिनमें 18 से 20 आयु वर्ग के 9,991 आवेदन शामिल हैं। महिला मतदाताओं के 20,642 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी ने अपेक्षाकृत कम पंजीकरण पर चिंता व्यक्त करते हुए छूटे हुए युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं, नवविवाहिताओं एवं अन्य पात्र नागरिकों से शीघ्र फार्म-6 भरने की अपील की। मा० निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में नो-मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी श्रेणी के मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। गणना अवधि के दौरान मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट, अनुपस्थित एवं अन्य (ASD Voters) श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है, जिससे निर्वाचक नामावली पूर्णतः शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।
बैठक में सभी राजनैतिक दलों से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की गई, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ एवं निष्पक्ष बनाया जा सके।
इस अवसर पर भाजपा से शांतिस्वरूप, सपा से राजीव शर्मा, बसपा से भगवती शरण पांचाल, कांग्रेस से अरविंद सेंगर, अपना दल (एस) से अनिल कुदारी, एवं आम आदमी पार्टी से विनय चौरसिया सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस