जिला कारागार में डीएम-एसपी का सख्त एक्शन: औचक निरीक्षण में सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं पर कड़े निर्देश

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन गुणवत्ता और बंदियों की सुविधाओं की जांच की। बैरकों व परिसर की तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। अधिकारियों ने सुरक्षा में लापरवाही न बरतने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता बनाए रखने और समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए।

जिला कारागार में डीएम-एसपी का सख्त एक्शन: औचक निरीक्षण में सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं पर कड़े निर्देश

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण

सुरक्षा, स्वच्छता और बंदियों की सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

उरई । जनपद में कानून व्यवस्था एवं कारागार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के रहन-सहन, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान बैरकों की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच व्यवस्था तथा मुलाकात कक्ष की व्यवस्थाओं का विशेष रूप से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। बैरकों में सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री प्राप्त नहीं हुई। भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित जांच अभियान जारी रखे जाएं।

जिलाधिकारी ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन व्यवस्था की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा रसोईघर का निरीक्षण कर स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण नियमित रूप से कराए जाएं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता बरतने, ड्यूटी रजिस्टर अद्यतन रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारागार की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था जनपद की कानून व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक नीरज देव सहित संबंधित अधिकारी एवं कारागार प्रशासन के कर्मचारी उपस्थित रहे।