10वीं बार CM पद की शपथ लेकर नीतीश कुमार बनाएंगे विश्व रिकॉर्ड,नीतीश बिहार के अगले मुख्यमंत्री, PM मोदी ने भी दे दिए संकेत

अगला मुख्यमंत्री कौन' का सवाल लगभग समाप्त माना जा रहा है, वह है JDU का मजबूत प्रदर्शन. 2020 में सीटों की गिरावट से बनी नीतीश कुमार की 'कमजोर स्थिति' अब नहीं रही. इस बार का परिणाम यह दिखाता है कि नीतीश न केवल अपने कोर वोट-बेस को बचाने में सफल रहे, बल्कि NDA के पारंपरिक सामाजिक समीकरण को भी स्थिर किया.

10वीं बार CM पद की शपथ लेकर नीतीश कुमार बनाएंगे विश्व रिकॉर्ड,नीतीश  बिहार के अगले मुख्यमंत्री, PM मोदी ने भी दे दिए संकेत

बिहार की अगली विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और राज्य में पीएम मोदी की बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बीजेपी को 89 सीटें मिली है, और इसकी सहयोगी पार्टी जदयू को 85 सीटें। दोनों ने 101-101 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। वहीं विपक्षी महागठबंधन की बात करें तो यह बुरी तरह पस्त दिखी और राजद को महज 25 और कांग्रेस को 6 ही सीटें मिलीं

बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की भारी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे “सुशासन की जीत” करार देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। यह बयान राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि चुनाव के दौरान विपक्ष लगातार दावा कर रहा था कि भाजपा नीतीश कुमार को दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी।

नीतीश कुमार अब तक नौ बार बिहार के मुख्यमंत्री बन चुके हैं और दसवीं बार शपथ लेने की तैयारी में हैं। सबसे अधिक बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड उनके नाम हो सकता है। वर्तमान में, सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड पवन कुमार चामलिंग के पास है। नीतीश कुमार ने कई बार गठबंधन बदले हैं और वे एनडीए और महागठबंधन दोनों के साथ सरकार बना चुके हैं।

बता दें नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर नौ बार सीएम बनने वाला अनोखा रिकॉर्ड रखता है। सुशासन, महिलाओं के लिए योजनाएं और गठबंधन बदलने की रणनीति उन्हें हमेशा केंद्र में रखती रही। 2024 में फिर से NDA के साथ लौटे नीतीश 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से बस कुछ ही कदम दूर हैं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, 'सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा।'

पीएम मोदी आगे लिखते हैं, 'एनडीए ने राज्य का चौतरफा विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विजन को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगी चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी और उपेंद्र कुशवाहा जी को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।"

नीतीश कुमार को उनके समर्थक “सुशासन बाबू” के नाम से जानते हैं। पिछले दो दशकों में कानून-व्यवस्था, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला उत्थान जैसे क्षेत्रों में बदलाव की वजह से उन्हें यह उपनाम मिला है। प्रधानमंत्री मोदी का यह बयान NDA के भीतर नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों पर सीधा जवाब माना जा रहा है।

विपक्ष ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि भाजपा नीतीश कुमार को किनारे कर अपनी सरकार बनाएगी, लेकिन परिणामों के बाद पीएम मोदी के संदेश ने इन सभी अटकलों को शांत कर दिया। NDA की जीत के बाद अब बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर सरकार बनने का रास्ता साफ माना जा रहा है।