भाजपा नेता की अफीम की खेती पर चला बुलडोजर,पार्टी ने किया निलंबित, रिकेश सेन का पलटवार—बीज बोते वक्त कहां थी भूपेश सरकार?
दुर्ग जिले के समोदा और झेनझरी गांव में भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती उजागर होने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। एक ओर कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर है, वहीं भाजपा विधायक रिकेश सेन ने आरोप लगाया कि इस खेती की शुरुआत कांग्रेस सरकार के समय हुई थी।
कार्रवाई के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे और खेत का निरीक्षण किया। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ रहा है।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा और झेनझरी गांव में भाजपा नेता के फार्महाउस में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती मिलने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 5 एकड़ से अधिक क्षेत्र में लगी अफीम की फसल को नष्ट करना शुरू कर दिया है। कार्रवाई के दौरान पहले पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाकर पौधे उखाड़े गए, लेकिन क्षेत्र बड़ा होने के कारण बाद में बुलडोजर की मदद ली गई। यह अभियान सोमवार को भी जारी रहने की संभावना है।
मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं। कांग्रेस जहां इसे भाजपा सरकार की विफलता बता रही है, वहीं भाजपा विधायक रिकेश सेन का कहना है कि यह खेती कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुई थी।
भाजपा नेता के फार्महाउस में मिला अफीम का खेत
दरअसल, ग्राम समोदा–झेनझरी के बीच स्थित भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के फार्महाउस में प्रतिबंधित अफीम की खेती का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके पर छापा मारकर भाजपा नेता समेत राजस्थान के कुछ मजदूरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कार्रवाई के दौरान खेत में बड़ी संख्या में अफीम के पौधे पाए गए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
भूपेश बघेल पहुंचे खेत, सरकार पर साधा निशाना
कार्रवाई के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे और खेत का निरीक्षण किया। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ रहा है।
इसके अगले दिन भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक व्यक्ति की आवाज सुनाई देती है कि “अफीम को जेब में डालकर बेचेंगे।” भाजपा ने सवाल उठाया कि भूपेश बघेल के साथ खेत में मौजूद वह व्यक्ति कौन था।
कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
इधर कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर भाजपा को घेरने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस कमेटी सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है।
भाजपा विधायक बोले—पूर्व कांग्रेस सरकार भी जिम्मेदार
मामले पर भाजपा विधायक रिकेश सेन ने कहा कि कम से कम वर्तमान सरकार में कार्रवाई तो हो रही है। उन्होंने कहा कि खेत में मिले पौधों की ऊंचाई करीब तीन फीट है, जिससे स्पष्ट है कि यह खेती हाल ही में नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि गांव के लोग भी बता रहे हैं कि वहां चार साल से खेती हो रही है, जबकि भाजपा सरकार को बने दो साल ही हुए हैं। ऐसे में पूर्व कांग्रेस सरकार की भी जिम्मेदारी बनती है।
“बीज बोते समय आना चाहिए था”
रिकेश सेन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उस समय आना चाहिए था, जब बीज बोए जा रहे थे और पौधे लगाए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
5 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में अफीम की खेती
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में समोदा–झेनझरी के बीच स्थित फार्महाउस से करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधे जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार खेत से करीब 14 लाख 30 हजार पौधे मिले, जिनका कुल वजन लगभग 62 हजार किलोग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, उसके सहयोगी विकास बिश्नोई और फार्महाउस के मुंशी मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया है। दो अन्य आरोपी आंचला राम और श्रवण बिश्नोई की गिरफ्तारी के लिए टीम राजस्थान भेजी गई है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस