बाबा साहब की मूर्ति स्थापना पर विवाद उत्पन्न करना दुर्भाग्यपूर्ण : कांग्रेस चलाएगी जन जागरण अभियान

विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि बाबा साहब के लिए अपमानजनक शब्दों का उपयोग और संविधान को बदलने की बात दुर्भाग्यपूर्ण है।बाबा साहब ने कहा था कि संविधान अच्छा होने के बावजूद गलत हाथों में ठीक नहीं चल सकता।बी.एन. राव को संविधान का निर्माता बताकर बाबा साहब का अपमान किया जा रहा है

बाबा साहब की मूर्ति स्थापना पर विवाद उत्पन्न करना दुर्भाग्यपूर्ण : कांग्रेस चलाएगी जन जागरण अभियान

कांग्रेस के भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और विधायक फूल सिंह बरैया ने संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।

सागर/ भोपाल ,ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापना को लेकर उत्पन्न विवाद और भारतीय संविधान के निर्माता के रूप में उनके योगदान को नकारने के प्रयासों पर कांग्रेस ने गहरी चिंता व्यक्त की है। इस मामले में पार्टी ने प्रदेश भर में जन जागरण अभियान चलाए जाने की घोषणा की है।

इस मामले को लेकर कांग्रेस के भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और विधायक फूल सिंह बरैया ने संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मध्य प्रदेश के प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि ग्वालियर उच्च न्यायालय परिसर में बाबा साहब की मूर्ति स्थापना पर विवाद उत्पन्न करना दुर्भाग्यपूर्ण है।एक सोची-समझी साजिश के तहत संविधान के निर्माता के योगदान पर सवाल उठाए जा रहे हैं।आरएसएस के नागपुर मुख्यालय से इस तरह के विवादों की शुरुआत हो रही है। कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेगी और बाबा साहब के सम्मान की रक्षा करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतूपटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा और आरएसएस बाबा साहब का अपमान करने की साजिश रच रहे हैं।ग्वालियर में पोस्टर के माध्यम से यह प्रचार किया जा रहा है कि बाबा साहब संविधान के निर्माता नहीं थे। उन्होंने बताया कि बाबा साहब और संविधान के सम्मान में कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में व्यापक जन जागरण अभियान चलाएगी। इस अभियान के अंतर्गत 23 जून को घर-घर जाकर जन जागरण, 24 जून को गरीब बस्तियों में संविधान पर चर्चा और भोज का आयोजन तथा 25 जून को ग्वालियर में सभी वरिष्ठ नेता उपवास पर बैठेंगे।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, ने कहा कि भाजपा और आरएसएस देश का इतिहास बदलने और वर्ग संघर्ष को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। बाबा साहब को उनके दलित वर्ग से होने के कारण निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस की नीति सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की है, जबकि भाजपा वोट के लिए समाज को बांटती है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि बाबा साहब को संविधान सभा का अध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय गांधी जी की सलाह पर लिया गया, ताकि उत्पीड़ित वर्ग का प्रतिनिधित्व हो। बी.एन. राव केवल सलाहकार थे, न कि संविधान सभा के सदस्य। उनके नाम पर बाबा साहब के योगदान को नकारना गलत है। आरएसएस ने संविधान जलाया और तिरंगे का विरोध किया, अब बाबा साहब की मूर्ति और उनके योगदान का विरोध कर रहा है।भाजपा का मौन और दोहरा चरित्र इस मामले में स्पष्ट है।

विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि बाबा साहब के लिए अपमानजनक शब्दों का उपयोग और संविधान को बदलने की बात दुर्भाग्यपूर्ण है।बाबा साहब ने कहा था कि संविधान अच्छा होने के बावजूद गलत हाथों में ठीक नहीं चल सकता।बी.एन. राव को संविधान का निर्माता बताकर बाबा साहब का अपमान किया जा रहा है।पत्रकार वार्ता में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ,एवं संगठन महामंत्री डॉ संजय कामले  उपस्थित रहे।

             प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के डॉ संदीप सबलोक ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने निर्णय लिया है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और भारतीय संविधान के सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। हमारा अभियान संविधान की रक्षा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संदेश देगा।