पिपरई के विकास को लेकर महिला मोर्चा अध्यक्ष रजनी सोलंकी ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को सौंपा 17 सूत्रीय मांग पत्र, कोर्ट, बैंक, रेलवे, स्वास्थ्य और सड़क सहित कई अहम मांगें उठाईं
पिपरई मंडल की भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रजनी राजेंद्र सोलंकी गरेठी ने केंद्रीय मंत्री एवं सांसद Jyotiraditya Scindia के दौरे के दौरान उन्हें 17 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें पिपरई को ब्लॉक बनाने, न्यायालय की स्थापना, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, नई रेल सेवाएं शुरू करने, बाईपास रोड निर्माण, बैंक शाखाएं खोलने, जल संरक्षण, शिक्षा संस्थानों के उन्नयन और किसानों को लाभ पहुंचाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
पिपरई क्षेत्र के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल व सड़क सुविधाओं सहित कई अहम मुद्दों को लेकर ध्यान आकर्षित किया
पिपरई क्षेत्र के विकास को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की पिपरई मंडल अध्यक्ष श्रीमती रजनी राजेंद्र सोलंकी गरेठी ने केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनके दौरे के दौरान 17 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।
मांग पत्र में पिपरई तहसील में न्यायालय की स्थापना, केशोपुर तालाब के पानी की निकासी पर रोक, पिपरई को ब्लॉक का दर्जा देने, एसबीआई एवं पंजाब नेशनल बैंक की शाखाएं खोलने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी दूर करने, एक्स-रे एवं सोनोग्राफी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
महिला मोर्चा अध्यक्ष ने क्षेत्र में नए रेल मार्ग के निर्माण, पिपरई में बायपास रोड बनाए जाने, तथा गुना-बिना के बीच नई ट्रेन चलाने की मांग भी उठाई। साथ ही चंदेरी क्षेत्र में पर्यटन विकास, सौर ऊर्जा प्लांट एवं उद्योग स्थापित कर रोजगार सृजन पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में हाई स्कूल को हाई सेकेंडरी में उन्नयन, खेल मैदान एवं धर्मशाला निर्माण, तथा राजघाट पाइपलाइन परियोजना से वंचित पंचायतों को जोड़ने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई। इसके अतिरिक्त सड़क निर्माण, नई ट्रेनों का संचालन, गौ अभ्यारण की स्थापना एवं गैस एजेंसी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी पत्र में शामिल रही।
श्रीमती सोलंकी ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल सके।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस