सत्ता और संगठन पर मंथन: भोपाल में भाजपा की बड़ी बैठक आज, मंत्रिमंडल विस्तार से लेकर नियुक्तियों तक बन सकती है रणनीति
भाजपा ने मध्य प्रदेश का कोर ग्रुप गठित किया। मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पहली बैठक में संगठन, यूसीसी, महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
मध्यप्रदेश कोर समिति के 16 सदस्य होंगे शामिल, मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडल पर हो सकती है चर्चा
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में आज का दिन अहम माना जा रहा है। भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा कोर कमेटी की बड़ी बैठक शाम 7 बजे आयोजित होगी, जिसमें सत्ता और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
इसके अलावा उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, सांसद वीडी शर्मा, लता वानखेड़े, नरोत्तम मिश्रा और अरविंद भदौरिया भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार, निगम-मंडलों में नियुक्तियां, समान नागरिक संहिता, नारी शक्ति वंदन अधिनियम और संगठन के कामकाज की समीक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। लंबे समय से लंबित निगम-मंडल नियुक्तियों और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं के बीच इस बैठक से स्पष्ट संकेत मिलने की उम्मीद है।
साथ ही, समान नागरिक संहिता को लेकर भी रणनीति तय की जाएगी। प्रदेश सरकार पहले ही इसके लिए पांच सदस्यीय समिति के गठन को मंजूरी दे चुकी है, जो उत्तराखंड और गुजरात के मॉडल का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट देगी।
ऐसे में यह बैठक केवल औपचारिक नहीं, बल्कि आने वाले समय में सत्ता और संगठन की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस