सिंहस्थ रोड पर बगावत पड़ी भारी: BJP विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा भोपाल तलब, CM ने जताई नाराजगी- बोले: अब सिंहस्थ के कामों में सहयोगी रहूंगा

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में आंदोलन की चेतावनी देने वाले भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा को भोपाल तलब किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पार्टी नेतृत्व ने उनके बयान पर नाराजगी जताई, जिसके बाद विधायक ने खेद जताते हुए सिंहस्थ से जुड़े कार्यों में सहयोग का भरोसा दिया।

सिंहस्थ रोड पर बगावत पड़ी भारी: BJP विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा भोपाल तलब, CM ने जताई नाराजगी- बोले: अब सिंहस्थ के कामों में सहयोगी रहूंगा

पिपलीनाका में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में दिया था आंदोलन का अल्टीमेटम, भोपाल में CM और संगठन ने जताई नाराजगी; विधायक ने बयान पर जताया खेद, सहयोग का दिया भरोसा

भोपाल में देर रात हुई मुलाकात,उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में आंदोलन की चेतावनी देने वाले उज्जैन उत्तर से भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा को भोपाल तलब किया गया। शुक्रवार देर रात उन्होंने भोपाल में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह से मुलाकात की। इसके बाद वे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके बयान पर नाराजगी जताई।

संगठन और सरकार ने जताई नाराजगी

मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा को सिंहस्थ के लिए बनने वाली सड़क को लेकर दिए गए उनके बयानों पर नाराजगी जाहिर की। उन्हें समझाया गया कि इस तरह के बयान से सरकार और प्रशासन के कामकाज पर असर पड़ता है।

विधायक ने जताया खेद, सहयोग का भरोसा

बैठक के बाद विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने अपने बयान पर खेद जताते हुए कहा कि वे आगे सिंहस्थ से जुड़े विकास कार्यों में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से कोई बाधा नहीं आएगी, लेकिन प्रशासन को निर्णय लेने से पहले स्थानीय लोगों से चर्चा करनी चाहिए।

पिपलीनाका में सड़क चौड़ीकरण बना विवाद

दरअसल, उज्जैन के पिपलीनाका क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। विधायक कालूहेड़ा ने कहा था कि अगर सड़क 24 मीटर से अधिक चौड़ी की गई तो वे जनता के साथ सड़क पर उतरेंगे और आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। उनका कहना था कि इससे कई परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी।

घरों को खाली करने का नोटिस, बढ़ा आक्रोश

भैरवगढ़ रोड के किनारे करीब 410 घरों को नगर निगम की ओर से 7 दिन के भीतर खाली करने का नोटिस दिया गया है। नोटिस के मुताबिक कई घरों का हिस्सा 10 से 20 फीट तक ही बच पाएगा, बाकी हिस्से को तोड़ने की तैयारी है। नोटिस मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन

नोटिस के विरोध में स्थानीय लोगों ने विधायक अनिल जैन के कार्यालय का घेराव कर दिया और सरकार व विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने विधायक की गाड़ी के सामने बैठकर प्रदर्शन किया। इसके बाद विधायक ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया था कि सड़क 24 मीटर से ज्यादा चौड़ी हुई तो वे उनके साथ आंदोलन में शामिल होंगे।