सदन में भाजपा नेता औकात पूछते, सड़क पर भाजपा के गुंडे सिर फोड़ते; इंदौर पत्थरबाजी पर जीतू पटवारी

जीतू पटवारी ने इंदौर में हुई पत्थरबाजी की घटना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि “सदन में भाजपा नेता औकात पूछते हैं और सड़क पर उनके गुंडे लोगों के सिर फोड़ते हैं।” पटवारी ने कहा कि यह घटना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।

सदन में भाजपा नेता औकात पूछते, सड़क पर भाजपा के गुंडे सिर फोड़ते; इंदौर पत्थरबाजी पर जीतू पटवारी

इंदौर में शनिवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। भाजपा द्वारा गांधी भवन घेराव की घोषणा के बाद दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी और नारेबाजी हुई, जिसमें एक मीडियाकर्मी और एक कांग्रेस नेता घायल हो गए।

इंदौर। इंदौर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदर्शन के दौरान हालात बेकाबू हो गए। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर हमला कर दिया। इस दौरान पूर्व विधायक व जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हो गए।

दरअसल, दिल्ली के भारत मंडपम में हुए AI Impact समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो ने 21 फरवरी को इंदौर स्थित कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने गांधी भवन के आसपास बैरिकेडिंग कर दी थी। साथ ही वज्र वाहन भी तैनात कर दिया गया था, जिससे पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया।

इसके बावजूद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में ही पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। कांग्रेस के एक ब्लॉक अध्यक्ष के सिर में भी पांच टांके लगे हैं। कांग्रेस नेता अमीनुल खान सूरी ने बताया कि अचानक बीजेपी युवा मोर्चा ने पथराव शुरू कर दिया। हमें संभलने का मौका तक नहीं मिला। भाजपा के गुंडे हमला करने की नीयत से ही आए थे। उन्होंने कहा कि इस हमले में कांग्रेस के एक दर्जन पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हो गए। इसके अलावा कुछ पुलिसकर्मी और पत्रकार भी घायल हुए हैं।

घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “मध्य प्रदेश में भाजपा के गुंडों का तांडव चल रहा है। सदन में भाजपा के नेता जनता के प्रतिनिधियों से औकात पूछते हैं और सड़क पर भाजपा के गुंडे जनता पर पत्थर फेंककर सिर फोड़ते हैं। आज इंदौर में भाजपा के गुंडों ने सरेआम कांग्रेस कार्यालय के सामने पत्थरबाजी की, जिसमें इंदौर जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और कांग्रेस के कई साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। कई आम लोग और पत्रकार भी घायल हुए हैं।”

पटवारी ने आगे कहा, “भाजपा के नेता कलेक्टर पर हाथ उठाते हैं, फिर पुलिस पर हाथ उठाते हैं, फिर न्यायाधीश पर हाथ उठाते हैं। अब जनता पर पत्थर फेंकने लगे हैं, क्योंकि प्रदेश में कानून व्यवस्था बेलगाम है। गृह मंत्री मोहन यादव ने भाजपा के गुंडों को खुला संरक्षण दे रखा है। ये राहुल गांधी जी के बब्बर शेर कार्यकर्ता हैं। आपके इन पत्थरों से डरने वाले नहीं।”

पुलिस ने लाठियां भांज कर किया तितर-बितर

भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को आमने-सामने होते देख पुलिस ने चार थानों का पुलिस बल प्रिंस यशवंत रोड पर लगा दिया था। पूरे मार्ग पर बैरिकेड लगाए गए थे। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हमारा प्रदर्शन तो पूर्व घोषित था। कांग्रेसियों ने पहले ही पथराव के लिए पत्थर जमा कर लिए थे, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।

भाजपा का आरोप है कि कांग्रेसियों ने पथराव की शुरुआत की। उधर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता पहले भी हमारे कार्यालय पर हंगामा करने आते रहे हैं। भागीरथपुरा में भी कांग्रेस के नेताओं पर जूते-चप्पल फेंके थे। हम लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते हैं, लेकिन भाजपा उसे दबाना चाहती है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष भी हुए घायल

इस घटना में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के सिर पर पत्थर लगा है। वे भी अस्पताल में भर्ती हुए हैं। भाजपा और कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पत्थर लगे हैं। इसके अलावा जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनाली मिमरोट को भी चोटें आईं हैं।

इसके अलावा पथराव में सब इंस्पेक्टर आरएस बघेल भी घायल हुए हैं। उनके सीने पर पत्थर लगा है और पसली में चोट आई है। वे भी जांच के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। आपको बता दें कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन घेरने पहुंचे थे। वहां पर उनका विरोध करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता भी आ गए। फिर दोनों तरफ से पत्थर, पानी की बोतलें और टमाटर एक दूसरे पर फेंके गए।

पटवारी बोले- भाजपा के गुंडों ने जनता के सिर फोड़ें

इंदौर में हुई घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सदन में भाजपा नेता जनता के जनप्रतिनिधियों से औकात पूछते हैं और सड़कों पर भाजपा के गुंडे आम जनता के सिर पत्थर मारकर फोड़ रहे है। उनके पथराव से कांग्रेस जिला अध्यक्ष, आम लोग और पत्रकार घायल हुए है। भाजपा सरकार ने गुंडों का खुला संरक्षण दे रखा है।