सदन में आमने-सामने आए BJP के दो दिग्गज नेता: विस में ध्यानाकर्षण से विश्नोई ने अपनी ही सरकार को घेरा, जबलपुर में जल प्रदाय व्यवस्था पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को सत्तापक्ष के विधायक ने ही सरकार को घेरा। जबलपुर की जल समस्या को लेकर मंत्री का ध्यानाकर्षण किया। उन्होंने कहा कि नर्मदा होने के बावजूद जबलपुर प्यासा है। जल प्रदाय व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और अजय विश्नोई के बीच नोकझोंक भी हुई।
मध्य प्रदेश में विधासभा बजट सत्र के दौरान भाजपा के दिग्गज नेता आमने-सामने आ गए।
MP News: मध्य प्रदेश में इन दिनों विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। सदन में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के एक सीनियर विधायक ने अपनी ही सरकार में मंत्री को घेर लिया।
दरअसल, सदन में भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने जबलपुर शहर में जल संकट को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को आड़े हाथों ले लिया। विधायक ने आरोप लगाया कि जबलपुर में मां नर्मदा के होने के बावजूद जनता प्यासी और अधिकारी फाइलों में झूठी योजनाएं दिखाकर सरकार को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
नियमित जल वितरण हो रहा : विजयवर्गीय
मामले पर जवाब देते हुए नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि तथ्यों को दुरुस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पेयजल योजनाएं जारी हैं और नियमित रूप से पानी की सप्लाई की जा रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि कई निकायों द्वारा बिजली बिल का भुगतान नहीं किए जाने से भी समस्या उत्पन्न हुई। इस पर दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
मंत्री को पूरी जानकारी नहीं
अजय विश्नोई ने कहा कि मंत्री को पूरी जानकारी नहीं है, पुरानी योजनाओं और प्लानिंग पर काम नहीं हुआ और नई योजनाओं के नाम पर विकास प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे लूट का नया रास्ता खुल गया है, जबकि उनकी सरकार की प्राथमिकता जल आपूर्ति है।
मंत्री बोले- जल्द समाधान करेंगे
मंत्री विजयवर्गीय ने जवाब में कहा कि शहर में डबल सिस्टम से पानी लिया जा रहा है और पहले की तुलना में 28 प्रतिशत अधिक पानी दिया जा रहा है। उन्होंने नलकूप बंद कराने की जरूरत बताई और कहा कि कई बार जनप्रतिनिधि ही बिजली बिल के मामलों में अड़ंगा डालते हैं। इस पर विधायक ने कहा कि नलकूप बंद कराना सरकार की जिम्मेदारी है, जनप्रतिनिधियों की नहीं। अंत में मंत्री ने कहा कि वे मामले का जल्द समाधान करेंगे और सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा की
।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस