PM मोदी ने किया कर्तव्य भवन 1-2 का उद्घाटन, राष्ट्र को समर्पित नई प्रशासनिक इमारतें, पहले दिन किसानों और महिलाओं के लिए किए बड़े फैसले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साउथ ब्लॉक से नए सेवा तीर्थ परिसर में शिफ्ट होकर किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई बड़ी योजनाओं को मंजूरी दी। पीएम राहत योजना और लखपति दीदी लक्ष्य दोगुना करने की भी घोषणा।
नई इमारत, नया विज़न: कर्तव्य भवन के साथ बदली शासन व्यवस्था की पहचान
सत्ता के नए प्रतीक: PM ने जारी किया सिक्का-डाक टिकट, दिया मानसिक आज़ादी का संदेश
ब्रिटिश दौर की विरासत पर टिप्पणी: कर्तव्य भवन उद्घाटन में PM का ऐतिहासिक बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा तीर्थ से एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कर्तव्य भवन 1 और 2 का उद्घाटन किया। साथ ही डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि आजादी के बाद साउथ ब्लॉक और नॉर्थ ब्लॉक में कई अहम फैसले हुए और नीतियां बनीं लेकिन ये इमारते ब्रिटिश शासन की हुकूमत के प्रतीक के तौर पर बनाई गई थीं। इनका मकसद भारत को सदियों तक गुलामी की जंजीरों में जकड़े रखना था। इनसे निकलना जरूरी था।
उन्होंने कहा कि पहले कोलकाता देश की राजधानी था। 1905 में बंगाल विभाजन के समय वहां अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन तेज हो गया, इसलिए 1911 में अंग्रेजों ने राजधानी को दिल्ली कर दिया। इसके बाद नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक जैसी इमारतें अपनी जरूरत और सोच के अनुसार बनाईं।
उन्होंने कहा कि ये भवन ब्रिटिश शासन की सोच का प्रतीक थे। रायसीना हिल्स को इसलिए चुना गया ताकि इमारतें ऊंचाई पर रहें। जबकि सेवा तीर्थ की इमारतें जमीन से जुड़ी हुई हैं, पहाड़ी पर नहीं।
नागरिक देवो भव’ के संदेश के साथ नई शुरुआत
प्रधानमंत्री ने परिसर में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सेवा तीर्थ की दीवार पर देवनागरी में इसका नाम अंकित है और नीचे ‘नागरिक देवो भव’ का मंत्र लिखा गया है, जो नागरिक-केंद्रित शासन की भावना को दर्शाता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पीएम राहत योजना को मंजूरी
नए कार्यालय से काम शुरू करते ही प्रधानमंत्री ने कई अहम फैसलों पर हस्ताक्षर किए। इनमें ‘पीएम राहत योजना’ (PM RAHAT Scheme) की शुरुआत शामिल है। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि समय पर उपचार के अभाव में किसी की जान न जाए।
‘लखपति दीदी’ का लक्ष्य दोगुना
सरकार पहले ही तीन करोड़ ‘लखपति दीदी’ का लक्ष्य हासिल कर चुकी है, जो निर्धारित समयसीमा से एक वर्ष पहले पूरा हुआ। अब प्रधानमंत्री ने मार्च 2029 तक इस संख्या को बढ़ाकर छह करोड़ करने का नया लक्ष्य तय किया है। यह कदम महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
किसानों के लिए बड़ा ऐलान
कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए ‘कृषि अवसंरचना कोष’ को बढ़ाकर दो लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। इससे कृषि मूल्य श्रृंखला को सुदृढ़ करने और किसानों को बेहतर भंडारण व प्रसंस्करण सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
स्टार्टअप इंडिया फंड 2.0 को मंजूरी
नवाचार और उभरती तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए ‘स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0’ को 10,000 करोड़ रुपये के कोष के साथ मंजूरी दी गई है। इसका उद्देश्य डीप टेक, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग और शुरुआती चरण के नवाचारों को वित्तीय सहयोग देना है।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस