जौनपुर के बेनीपुर में ‘मुख्यमंत्री तालाब योजना’ पर सवाल, अवैध खनन कर लाखों के गबन का आरोप

जौनपुर के मड़ियाहूँ तहसील स्थित बेनीपुर गांव में ‘मुख्यमंत्री तालाब योजना’ के तहत अवैध खनन और लाखों रुपये के गबन का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि तय मानक से अधिक खुदाई कर मिट्टी बेची गई और यह कार्य रात में कराया गया। मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व जिला प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है।

जौनपुर के बेनीपुर में ‘मुख्यमंत्री तालाब योजना’ पर सवाल, अवैध खनन कर लाखों के गबन का आरोप

बेनीपुर में मुख्यमंत्री तालाब योजना पर बड़ा घोटाला उजागर

तय मानक से अधिक खुदाई, अवैध मिट्टी बिक्री का आरोप

लाखों रुपये के गबन की आशंका, ग्रामीणों में आक्रोश

रात के अंधेरे में कराया जा रहा कार्य, प्रशासन पर सवाल

मुख्यमंत्री से उच्च स्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

जौनपुर/मड़ियाहूँ।जौनपुर जनपद की तहसील मड़ियाहूँ अंतर्गत रामपुर ब्लॉक के ग्राम सभा बेनीपुर में ‘मुख्यमंत्री तालाब योजना’ के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत तालाब के सुंदरीकरण और खुदाई के नाम पर निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई और तय गहराई से अधिक मिट्टी निकालकर उसका अवैध रूप से विक्रय किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, निकाली गई मिट्टी को निजी लाभ के लिए बेचा गया, जिससे योजना के बजट और मिट्टी की बिक्री से प्राप्त धन में लाखों रुपये की हेराफेरी की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि यह कार्य देर रात के समय कराया जा रहा है, ताकि प्रशासनिक निगरानी से बचा जा सके।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग कर व्यक्तिगत स्वार्थ साधे जा रहे हैं, जिससे भविष्य में जल संचयन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी जौनपुर से हस्तक्षेप की अपील करते हुए दोषी ग्राम प्रधान व संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।