सिंधिया और सीएम मोहन यादव करेंगे गुना संसदीय क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण,बाढ़ संकट पर सरकार सक्रिय
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 अगस्त को गुना, शिवपुरी और अशोकनगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त रूप से दौरा करेंगे। सरकार बाढ़ संकट को लेकर सक्रिय है। सिंधिया पहले ही स्थानीय प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दे चुके हैं। इस दौरे का उद्देश्य स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेना, राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा करना और प्रभावित नागरिकों से संवाद स्थापित करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे।

एमपी में इस बार मानसून जमकर बरस रहा है। जुलाई माह में करीब 55 प्रतिशत ज्यादा बरसात हो चुकी है, प्रदेश के अधिकांश बांध पानी से लबालब हो गए हैं।
ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 4 अगस्त को दिल्ली से भोपाल पहुंचे, जहां से वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ गुना, शिवपुरी और अशोकनगर जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त दौरा करेंगे। सिंधिया पहले से ही हालात पर नजर बनाए हुए हैं,बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए सिंधिया ने केंद्रीय गृह मंत्रालय एवं रक्षा मंत्रालय से समन्वय स्थापित किया था। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी लगातार संपर्क में रहकर समन्वय सुनिश्चित किया था। उन्होंने स्थानीय विधायकों, पंचायत प्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों से अपील की थी कि वे संवेदनशीलता और समर्पण के साथ राहत कार्यों में भाग लें।ताकि राहत और बचाव कार्यों में बेहतर समन्वय और गति लाई जा सके।
दौरे के दौरान दोनों नेता बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे, राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे और पीड़ित नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं जानेंगे।
आपको बता दें कि, दोनों जिलों में भारी बारिश के कारण कई जगह जल भराव हुआ था। शहर की कॉलोनियां व आसपास के गांव जलमग्न हो गए थे। जिसके चलते लोगों का भारी नुकसान हुआ। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सीएम मोहन यादव आज गुना व शिवपुरी इन दोनों जिलों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। यहां पर राहत कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। दोपहर 3:35 बजे मुख्यमंत्री गुना से रवाना होकर 4 बजे शिवपुरी जिले के ग्राम पड़ोरा पहुंचेंगे। यहां आसपास के इलाकों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे। राहत कार्यों की समीक्षा कर सीएम मोहन यादव अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दे सकते हैं। उनके दौरे को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शाम 6:15 बजे सीएम भोपाल के लिए वापस रवाना होंगे
अपने संयुक्त दौरा कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया और सीएम डॉ मोहन यादव बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों से मिलेंगे। दोनों दिग्गज नेताओं के दौरे को देखते हुए प्रशासन को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत कार्यों में तेजी के निर्देश
गुना संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुना, अशोकनगर और शिवपुरी जिले अत्यधिक वर्षा के चलते गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहले ही क्षेत्रीय प्रशासन को राहत कार्यों में तत्परता बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही न हो और प्रभावित नागरिकों को सुरक्षा, भोजन, स्वच्छ पेयजल एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं।
सिंधिया ने यह भी निर्देशित किया कि आवश्यकता अनुसार हेलीकॉप्टर, नाव अथवा अन्य संसाधनों का तत्काल उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी प्रभावित नागरिक राहत से वंचित न रह सके।