स्रोत पर ही रोको अवैध खनन व परिवहन, टास्क फोर्स करेगी संयुक्त कार्रवाई-ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी, तीन बार पकड़े गए वाहन होंगे ब्लैकलिस्ट व स्क्रैप — डीएम
उरई में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और एसपी विनय कुमार सिंह ने अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना रॉयल्टी परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में तय किया गया कि अवैध खनन रोकने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी और तहसील स्तरीय टास्क फोर्स स्रोत स्थल पर पहुंचकर संयुक्त कार्रवाई करेगी। तीन बार पकड़े गए वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर सीज व स्क्रैप करने की कार्रवाई होगी। अधिकारियों को अकेले चेकिंग से रोकते हुए संयुक्त कार्रवाई पर जोर दिया गया। साथ ही अवैध खनन में शामिल पट्टा धारकों पर पट्टा निरस्तीकरण तक की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अवैध खनन पर सख्ती: ड्रोन निगरानी, संयुक्त टास्क फोर्स कार्रवाई और तीन बार पकड़े वाहनों पर स्क्रैप की तैयारी
उरई । जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में कानून व्यवस्था एवं जनपद स्तरीय टास्क फोर्स समिति की उच्चस्तरीय बैठक कर अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना रॉयल्टी परिवहन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन एवं अवैध परिवहन से संबंधित शिकायतों पर तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी विधिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सख्त तेवर अपनाते हुए निर्देश दिए कि खनन पट्टा क्षेत्रों की आकस्मिक निगरानी अब ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को तुरंत चिन्हित कर कड़ी कार्यवाही की जा सके।उन्होंने तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समितियों को सक्रिय करते हुए निर्देश दिए कि स्रोत स्थल पर पहुंचकर अवैध खनन एवं परिवहन को रोका जाए। ओवरलोडिंग, बिना रॉयल्टी एवं एनआर वाहनों पर कठोर कार्रवाई करते हुए कहा गया कि यदि कोई वाहन तीन बार अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसे ब्लैकलिस्ट करते हुए सीज एवं स्क्रैप कराने की कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी अधिकारी अकेले चेकिंग नहीं करेगा। समस्त कार्रवाई टास्क फोर्स समिति द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी, जिससे जांच में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गुणवत्ता बनी रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्रवाई पूरी दक्षता एवं समन्वय के साथ हो ताकि जनपद में अवैध परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी बालू पट्टा धारक की अवैध खनन में संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई करते हुए पट्टा निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाए। तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समितियों की कार्रवाई की निगरानी हेतु पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, आईपीएस एवं एडीएम नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य को जनपद प्रभारी नामित किया गया है। दोनों अधिकारियों को लगातार इनपुट एकत्र कर अवैध खनन में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कालपी स्थित यमुना पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के दृष्टिगत वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न हो और आमजन को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, समस्त उप जिलाधिकारी, सीओ आदि सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रखर न्यूज़ व्यूज एक्सप्रेस