स्वामी प्रसाद मौर्य का भाजपा सरकार पर हमला,आजम खां पर राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई-राजनीति में सब कुछ स‍ंभव

रामपुर में स्वामी प्रसाद मौर्य ने आजम खां से मिलकर कहा कि उन पर राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई हुई है। सरकार बनने पर इसका परिणाम भुगतना होगा। उन्होंने भाजपा पर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करने और मुसलमानों को टारगेट करने का आरोप लगाया। मौर्य ने सरकार को बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर भी घेरा और 2027 का चुनाव 'यूपी बचाओ भाजपा हटाओ' के नाम पर लड़ने की बात कही।

स्वामी प्रसाद मौर्य का भाजपा सरकार पर हमला,आजम खां पर राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई-राजनीति में सब कुछ स‍ंभव

पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने आजम खान से मुलाकात की है। इस मुलाकात को कई मायनों में अहम माना जा रहा है। आजम खान के बसपा में जाने की चर्चा चल रही है। हालांकि, सपा नेता ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। अब स्वामी मौर्य ने मुलाकात की है।

पूर्व सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार ने सपा नेता आजम खां पर जुल्म किए हैं। यह जुल्म लोकतांत्रिक व्यवस्था पर धब्बा हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि उनकी आजम खां से मुलाकात राजनीतिक उद्देश्य से नहीं बल्कि औपचारिक और आदरभाव से हुई है। शनिवार दोपहर स्वामी प्रसाद मौर्य की आजम खां से करीब दो घंटे तक मुलाकात चली। इसके बाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सभी मुद्दों पर फेल हुई है। वादा करने के बाद भी भाजपा ने किसानों के साथ गलत किया है। उत्तर प्रदेश देश में हत्या, दहेज हत्या, महिला उत्पीड़न, दलित उत्पीड़न और अन्य अपराधों में नंबर एक है।

2027 में भाजपा को हटाने के लिए उनकी जनता पार्टी यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। स्वामी प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर आजम पर मुर्गी- बकरी चोरी जैसे आरोप लगाकर उनके पूरे परिवार को सालों-साल तक प्रताड़ित किया। ऐसा अत्याचार तो आपातकाल (इमरजेंसी) में भी किसी के साथ नहीं हुआ था। क्या आजम खां अब जनता पार्टी में शामिल होंगे या समाजवादी पार्टी में लौटेंगे, तो मौर्य ने मुस्कराते हुए कहा कि आज की मुलाकात एक औपचारिक मुलाकात थी, लेकिन राजनीति में कभी भी, कहीं भी, कुछ भी हो सकता है। इसलिए समय का इंतजार करिए,आगे-आगे देखिए होता है क्या।