अशोक गहलोत का बड़ा ऐलान : तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन के सीएम फेस, 2 डिप्टी CM भी बनेंगे

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कई महीनों से चली अटकलों पर अब विराम लगा दिया है। गुरुवार को पटना के होटल मौर्य में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन के नेताओं ने साफ किया कि आगामी विधानसभा चुनाव तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और वे मुख्यमंत्री के उम्मीदवार होंगे।

अशोक गहलोत का बड़ा ऐलान : तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन के सीएम फेस, 2 डिप्टी CM भी बनेंगे

बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन का सीएम चेहरा RJD प्रमुख तेजस्वी यादव होंगे। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने महागठबंधन की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार बनी तो उपमुख्यमंत्री मुकेश सहनी होंगे। उप मुख्यमंत्री और भी लोग बनाए जाएंगे, जो पिछड़े समुदाय से होंगे।

महागठबंधन में तेजस्वी यादव CM फेस होंगे। साथ ही दो डिप्टी CM, जिनमें से एक मुकेश सहनी होंगे। जबकि दूसरा डिप्टी सीएम दूसरे समाज से होगा। महागठबंधन की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में अशोक गहलोत ने इसकी घोषणा की है।

गुरुवार को पटना के मौर्या होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में गहलोत ने कहा, 'बीजेपी धनबल का इस्तेमाल कर चुनाव जीत रही है। हमने सीएम फेस की घोषणा कर दी है, अब एनडीए बताए कि उनका मुख्यमंत्री कौन होगा।'

'बीजेपी धनबल का इस्तेमाल कर के जीत रही है। चुनाव आयोग सरकार की कठपुतली बन चुका है।'

सीएम फेस के सवाल को हमेश टालती रही कांग्रेस अचानक से बैकफुट पर नजर आ रही है। एक सितंबर को वोटर अधिकार यात्रा के समापन में पहुंचे कांग्रेस के बड़े लीडर और एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा था, "मुख्यमंत्री उस पार्टी का बनेगा जिसे बहुमत मिलेगा। यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है, कुछ जगहों पर यह है और कुछ जगहों पर नहीं है, इसलिए अगर हम तय कर देंगे कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा तो आप क्या करेंगे?"

इससे पहले राहुल गांधी, सचिन पायलट, कृष्णा अल्लावरू जैसे कई नेता इस सवाल को टालते नजर आए थे।

महागठबंधन की PC की 5 बड़ी बातें

CM-डिप्टी CM फेस साफ किया: महागठबंधन में CM-डिप्टी CM फेस को लेकर लगातार बयानबाजी चल रही थी। कांग्रेस चुनाव बाद इस पर फैसला लेने की बात कह रही थी, लेकिन आज कांग्रेस के सीनियर लीडर अशोक गहलोत ने तेजस्वी को CM और मुकेश सहनी को महागठबंधन का डिप्टी CM फेस घोषित किया।

पार्टियों ने एकजुटता दिखाई: सीट शेयरिंग को लेकर महागठबंधन में तनातनी की खबरें थीं। आज महागठबंधन की सभी पार्टियां एक मंच पर आईं और मजबूती से चुनाव लड़ने की बात कही। सभी ने एकजुट होकर NDA से लड़ने की बात कही।

जंगलराज की छवि से निकलने की कोशिश: तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि, मैं करप्शन और लॉ-एंड-ऑर्डर से कभी समझौता नहीं करूंगा। अगर मेरी परछाई भी गलती करती है तो उसके खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा। इन लोगों का राज देखिए 20 साल में 70 हजार मर्डर हुए।

महागठबंधन के विजन का जिक्र: तेजस्वी यादव ने कहा कि, 20 साल से बिहार में NDA की सरकार है, लेकिन विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि, 5 साल नहीं, बिहार के लोग 20 महीने का मौका दें तो हम वो सारे काम कर देंगे जिनका हमने वादा किया है।

नीतीश-बीजेपी पर हमला: तेजस्वी यादव ने कहा कि NDA इस बार नीतीश कुमार को CM नहीं बनाएगी। अमित शाह को बताना चाहिए कि, उन्होंने अब तक CM फेस घोषित क्यों नहीं किया है। JDU के कुछ नेता पार्टी को खत्म करने के लिए बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं।

तेजस्वी बोले- बीजेपी नीतीश कुमार को CM नहीं बनाएगी

जॉइंट पीसी में तेजस्वी यादव ने कहा, 'हमने तो क्लियर कर दिया कि मुख्यमंत्री कौन होगा। लेकिन बीजेपी के लोग नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे।'

'अमित शाह जी ने कई बार ये कहा है कि विधायक दल की बैठक में फैसला लेंगे। इसके पहले तो कभी ऐसा नहीं हुआ। आखिर क्या बात है जो आप नीतीश कुमार जी को CM फेस नहीं बता रहे हैं। नीतीश कुमार जी का ये आखिरी चुनाव है। अमित शाह जी ने ये साफ किया है।'

'17 महीने में हमने कई काम किए। लोगों को हमारे ऊपर भरोसा है। हमने पहले भी कहा है कि हमें 5 साल नहीं, बिहार के लोग 20 महीने का मौका दें तो हम वो सारे काम कर देंगे जिनका हमने वादा किया है।'